गुरुवार, 2 जून 2011

आइना छोडिये आईने में क्या रक्खा है?

Posted by with 3 comments




आईना छोडिये आईने में क्या रक्खा है?
"लेकिन वह अफसर ईमानदार था "  दद्दू कहने लगे"दफ्तर में चापलूस और बेईमानों के कुनबे ने लगातार उसके खिलाफ साजिशें रची.फिर होना क्या था ... राजनैतिक दाव-पेंच में फंसाकर उसपर ऐसे आरोप साबित किये गए के नौकरी से हाथ धोना पड़ा था उस नादाँ को."
              " वह तो सीधा आदमी  था लेकिन ऐसे कई लोग हैं जो जहाँ रहते हैं करप्ट रहते है और ऊपर से सीधा दिखने का ढोंग करते है. इन्हें पहचानना भी तो मुश्किल है ... बाजार में ऐसे खोटे सिक्के काफी चल रहे हैं "
"ठीक कह रहे हो  यार!आज के ज़माने में किसी पर भी "सीधे आदमी का ठप्पा न लगे.उसे तेज तर्रार और व्यवहारिक होना ही चाहिए. वर्ना दफ्तरों  की पालिटिक्स खा जायेगी ."
" सबसे बेहतर तो ये है कि अपना काम परफेक्ट हो जिससे कोई  भी अंगुली उठाने की जुरअत न कर सके.. . 
खैर!जब भी सीधे इंसान के साथ बेइंसाफी होती है तब ऐसा लगता है कि-
                         वो कत्ल हो गया बदसूरतों की महफ़िल से 
                        जो सारे शहर के आईने साफ़ करता था 
आइना साफ़ कर जैसे ही मेरी नजर उसपर पड़ी एक पल सोचने लगा था ( शायद आपने भी कभी सोचा होगा , अगर नहीं तो सोचिये)कि- कमबख्त ! मुआ आईना सर के बालों से लेकर पैर के नाखूनों तक अंग-अंग की चुगली किये बगैर नहीं मानता.कहते हैं न आईना सच्चाई बयान करता है और हर किसी के सामने एक आईना जरूर होता है.अगर अपने चेहरे के दाग देखकर दिल में घबराहट होने लगे तब गंभीरता से सोचिये अपने दिल-दिमाग के बारे में.चूंके आईना  हकीकत बयां करता है इसलिए 
                         दाग-धब्बे अपने चेहरे के मिटा 
                        आइना धोने की नादानी ना कर
दरअसल नादान और बेअक्ल वे लोग होते है जो इस बात को समझकर भी अनदेखा करते हैं की भला  या बुरा आईना मुंह पे कह देता है .वही  कहता है जो साफ़ और पारदर्शी होता है .कभी-कभी तो अपने भी परायों सा बर्ताव करने लगते हैं तब तन्हाइयों में आईना देखकर तसल्ली होने लगती है कि इस घर में  हमको कोई जानता भी  है . लेकिन जब दिल में खुशियाँ भरी हों और वह भी लम्बे अरसे तक दुःख बर्दाश्त करने के बाद,तब यकीन मानिये आप आईना देखकर गुनगुनायेंगे 
                     अपना हर अंदाज आँखों को तरो-ताज़ा लगा
                     कितने दिन के बाद मुझको आइना अच्छा लगा
आईने में खुद को देखना उनको बड़ा अच्छा लग रहा था .तभी तो न जाने कितनी देर से क्या बातें कर रहे थे अपनी ही आँखों से! और चुपके से  जब मैंने  झिर्रियों से झाँका तब सदके जाऊं!!!.... वो आईने में ऐसे महसूस  हो रहे थे जैसे कोई तस्वीर अंगड़ाई लेकर मीठी-मीठी बातें करने लगी हो.फिर भला हम कैसे खुद को रोक पायें यह कहने से कि-
                      आईने में वो अपनी अदा देख रहे हैं 
                     मर जाये की जी जाये कोई उनकी बला से 
बला बनकर जब कोई किसी की यादों में होती है तब आईने में उसका अक्स दिखाई देने लगता है.यूं की अगर वह कोई " दिलजला "हो तब आईने में अतीत के अनगिनत लम्हे कैद मिलते है.पत्थर की खदान बन जाता है उस दिल जले का दिल जहाँ से रिसते लहू के बीच तलाश करता है  वह अपना  कातिल.लेकिन फौलादी जिगर के लोगों का हौसला बुलंद  होता है -" मैं वो  बला हूँ जो शीशे से पत्थर को तोड़ता हूँ." वे सीना ठोंकने से नहीं चूकते यह कहकर कि  -
            दुश्मनों में रहकर भी अज्में जवां रखता हूँ मैं
             पत्थर का शहर ,शीशे का   मकान रखता हूँ मैं
वैसे बात न तो पत्थर  के शहर की थी या शीशे के मकान की.दद्दू को चिढ उन  लोगो पर आती है जो आईने में खुद अपना चेहरा नहीं देखते ( या देखकर भी पूरी बेशर्मी से इनकार करते हैं अपनी बदशक्ली से.वे दूसरों को आइना दिखने  की बात करते हैं.खुद बनेंगे धन पिशाच और दूसरों को देंगे सादगी  की शिक्षा.अपने दद्दू कहते हैं" दर्पण झूठ न बोले.आइना हमेशा सच ही बोलेगा.किसी दुसरे को आइना दिखने से पहले अपनी शक्ल आईने में देखना जरूरी है.ठीक उसी तरह जैसे हम जब एक अंगुली किसी की तरफ दिखाते है तब तीन अंगुलियाँ हमारी तरफ  होती है. ब्वायज एंड गर्ल्स... आप लोगों को तो एक-दूसरे की आँखें ही आईना नजर आती है... ऐसा क्यों न हो! उम्र का तकाजा भी है...फ़िल्मी गीतों में कहा गया है- आईना वही रहता है, चेहरे बदल जाते हैं.....कुमार शानू ने अपने खूबसूरत अंदाज में गाया है-
                  आईने के सौ टुकड़े करके हमने देखे हैं
                      एक में  भी तनहा थे सौ में भी अकेले हैं 
                                       खैर इस मांमले में तो कई लोग किसी भी उम्र में हसीं आँखों को आईना बना लेते हैं. फिर भी  हर उम्र का बंदा इस बात को अपने दिल में लाक कर ले कि-
                  किरदार अपना पहले बनाने की बात क़र
                 फिर आइना किसी को दिखने की बात कर
यह आज का सच है - हम लोग नई लाइफ स्टाइल में इतने ब्यूटी कांशस हो गए हैं कि आईने के बगैर काम ही नहीं चल सकता.सजना संवरना भी तो जरूरी है की नहीं... प्रेसेंटेबल भी तो बनाकर रखना होगा न!
                 लो!... भला यह क्या बात हुई ?आईने की बाते क्या चली की आप खुद आईने में अपना ही चेहरा देखने लगे!" क्या कहा? अखबारनवीस  ! आप हमें समझाइश देने वाले कौन होते हो?हम आपके हैं कौन?"अरे अरे.. नाराज क्यों होते हो?मैंने तो आपको अपना समझकर कहा था.यकीन नहीं आता?जरा अपने कान इधर लाना सुनो मैं तुम्हारे कानों में कहता हूँ-
                     आपको मैंने  निगाहों में बसा रक्खा है
                     आइना छोडिये, आईने में क्या रक्खा है?
                                                                                                 
                                                                                  अपना ख्याल रखिये...
                                                                                                  किशोर दिवसे 
             


                     

बुधवार, 1 जून 2011

शहर कागज का है और शोलों की निगहबानी है

Posted by with 1 comment


शहर कागज का है और शोलों की निगहबानी है 

अगर तासीर की बात करते हैं तो शहर और इंसान एक बराबर हैं.और, शहर ही क्यों गाँव,शहर और महानगर भी कई दफे इन्सान की जिन्दगी जीते है उनका भी दिल धडकता है. वे भी हँसते हैं... रोते है.. गाते हैं...खिलखिलाते हैं .जब मह्सूंस  करते हैं की उनकी बातें सुनने वाला कोई नहीं है तब खामोश होकर बैठ जाते है गुमसुम किसी " रियल दरवान " के इन्तेजार में.आपकी और हमारी तरह मसीहा के आने की कल्पना में खोए हुए...
                                ढेर सारे रंग होते है इंसान की जिन्दगी में गाँव और शहर के चेहरों पर भी यकीनन उभरते हैं इसी तरह के रंग.-कई खूबसूरत  , कुछ बदसूरत.शहर भी कमोबेश इसी तरह की शख्सियतों  को लेकर जीता है .थर्मोकोल सी-ऊपर से चमकदार पर फूंक मारते ही उड़ जाने वाली -ऐसे कई लोग हैं.कुछ ऐसे भी जो फौलादी हैं पर खोटे सिक्के के बाज़ार में अपनी खनखनाहट गुम कर बैठे है. यकीनन इनमें से ही कुछ अपनी आवाज बुलंद करने की कोशिश करते हैं. जो आत्मकेंद्रित हैं वे मसलों के होने या न होने से कोई सरोकार नहीं रखते.
                                    सरोकार रखने या नहीं रखने से क्या बीहड़ खत्म हो जायेंगे?आम आदमी की जिन्दगी के बीहड़ निजी पारिवारिक मसले हैं जिनकी भूल-भुलैया में खो जाता है वह.अपने शहर में भी कई बीहड़ हैं,अरसे से घनीभूत.किस्म-किस्म की समस्याएँ.पेयजल, पानी की निकासी,सड़कें,बिजली,अपराध,छेड़खानी, धूल-कचरा .सबसे बड़ी समस्या है विकास के प्रति नागरिको का अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाना.उलटे अपनी बेशर्मी और निरंकुशता से परेशानियाँ बढ़ाना.अमूमन ये मसले इतने दाहक हैं की सारी जिन्दगी झुलस रही है ... शहर जल रहा है-
                                                        जल रहा सारा शहर और हम खामोश हैं
                                                        जर्रा जर्रा अंगारा और हम खामोश हैं
यातायात बेतरतीब है... सड़कों के इर्द-गिर्द शौपिंग माल  और होटलें बन रही हैं लेकिन पार्किन के मामले में नगर निगम पूरी तरह लापरवाह है. बिल्डिंग बनने के बाद ही उन्हें भी होश आता है, फिर भी कारवाई नहीं होती.
समस्याएँ सहज स्वाभाविक है पर उन्हें सुलझाने की नीयत होनी चाहिए.सड़कों के चौडीकरण  में कई धर्म स्थालियाँ और बूढ़े पेड़ बाधक हैं पर कोई ठोस योजना  नहीं बनती.होना यह चाहिए की शहर में विकास करने के पहले लोगों को " डेवलपमेंट फ्रेंडली " बनाने की सोच विकसित की जाये.समस्याओं के प्रति संवेदनहीनता से हालत यह बनती है की -
                                        अनलहक की सदा अब क्यों गूंजती नहीं फजाओं में 
                                        जुबान रखते हुए भी आज इंसान बेजुबान क्यों है?
नागरिक और प्रशासन - दो धुरियाँ हैं समस्याओं के परिप्रेक्ष्य में .दोनों को ही सुधरना होगा.दोनों की ही बदमिजाजी पर अंकुश लगाना चाहिए .शहरी समस्याओं के हल में सरकारी आश्रितता के मुद्दे पर भी सोचना होगा.शहरी  लोगो को इस बात का गुरूर है की  अब हम पढ़े-लिखे लोग है. तो खुद या निरंकुश औलादों  की  सरे आम बदतमीजी देखने और करने  के बजाये        _ अनुशासित और सुंदर शहर क्यों नहीं बनने देते. धनाढ्य होने का मतलब यह तो नहीं की शहर किसी के पूज्य पिताजी का हो गया!अपनी जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता  जरूरी है क्योंकि -
                                                                               अहले दानिश को इस बात पे हैरानी है
                                                                             शहर कागज का है और शोलों की निगहबानी है   
अक्ल के पीछे डंडा लेकर पिल पड़ने का दौर खत्म करना होगा.तभी माहौल ऐसा बनेगा की समस्याओं के अँधेरे के बीच एक टुकड़ा धूप आसानी से मिलेगा.आस्था रद्दी के बाज़ार में बिकनी बंद हो जाएगी.आज रोते हुए शहर और गाँव को हंसाने की जिम्मेदारी सियासत सहित हम सभी की है  .जो भीतर से इस्पाती सोच के हैं और छ्द्म्वादी  नहीं.सत्यान्वेषी सक्रीय व् कर्मठ मानव बारूद चाहिए अब रंगे सियारों से यह कहने का वक्त खत्म हो गया की -" मूंग की दाल और साग खाना शुरू कर  दो!!!!
                                      जिम्मेदार और जागरूक रहिये
                                                         अपना ख्याल रखें....
                                                                                                                        किशोर दिवसे 
                                                                                                                                   
                                                
                                                              

मंगलवार, 31 मई 2011

वो तिल बना रहे थे, स्याही फिसल गई

Posted by with No comments


वो तिल बना रहे थे, स्याही फिसल गई 
उस रोज रेडियो पर किसी कार्यक्रम में बहस चल रही थी काले और गोरे रंग को फिल्म वालों  ने किस तरह तरजीह दी है....हिरोइन या हीरो काले क्यों नहीं होते? गोरा रंग ही क्यों अपील करता है...( हालाकि आज के दौर में इस बाबत भी प्रयोग होने लगे है.) फ़िल्मी गीतों में काले -गोरे का इस्तेमाल कैसा किया गया है वगैरह-वगैरह.लोग अपनी राय दे रहे थे और बीच-बीच में गीतों के बोल भी सुनाई दे रहे थे- गोरे रंग पे न इतना गुमान कर ... हम काले है तो क्या हुआ दिलवाले हैं ... राधा क्यों गोरी ,मैं क्यों काला... ये काली कालीऑंखें .. ये गोरे गोरे गाल....
                      गोरे रंग की नजाकत पर शायरों और लेखकों ने अरसे से लिखीं हैं अनगिनत इबारतें लेकिन बेचारा काला रंग ! उसपर चर्चा करना भी लोग गवारा नहीं समझते.जबकि जिन्दगी के रंगों में इसकी अहमियत जितनी है उतनी किसी अन्य रंग की नहीं..काले रंग के बारे में मन कुछ सोचने लगा था की अचानक दद्दू आ टपके." बात क्या है दद्दू!. काली शर्ट और पैंट भी काली... कोई खास बात !"इससे पहले की वे कुछ जवाब देते मुझे याद आया अखबारवाले ही तो छापते हैं अमुक दिन अमुक रंग के कपडे पहनना शुभ होता है .फिर दद्दू भी अगर इस लहर में बह जाएँ तब कैसा  आश्चर्य!
                      "भाई .. शनिवार है नहीं मालूम क्या?नहा  धोकर पूजा -पाठ किया और काले तिल, काली उड़द और काले कपडे का दान कर इसी और निकल पड़ा. शनिवार को काले रंग का महत्व है और शनिदेव की प्रतिमा भी तो काली है " दद्दू की बातों से मुझे काले रंग पर चिन्तन के लिए रास्ता खुलता हुआ महसूस हुआ.यों तो दद्दू और  मैं दोनों ही " कलूटा समुदाय" के हैं पर खुद को बचाने कई बार सांवला कहकर गौरवान्वित हो जाते हैं .इससे भी  अगर  मन नहीं भरता तब भगवान के दिए पक्के रंग (रंग न उड़ने की सेंट परसेन्ट गारंटी )को इस शेर के जरिये याद कर अपने समुदाय के बाकि मेम्बरों की हौसला अफजाई भी कर लेते हैं-
                         चेहरा अगर सियाह है तो उनका क्या कसूर 
                         वो तिल बना रहे सियाही फिसल गई
 गुनगुनाकर ठहाका लगाया ही था कि यकायक दद्दू  न जाने क्या सोचकर गंभीर हो गए.मैंने राज जानना चाहा और वे बोले,'कलमकार... डेढ़ बरस पहले मैंने एक घटना पढ़ी थी.किसी तीन एजर बच्ची को काली है कहने पर इतनी कोफ़्त हुई कि उसने आवेग में आकर ख़ुदकुशी  कर ली." इससे बड़ी बेवकूफी क्या हो सकती है " मैंने कहा ," काला या गोरा खास मायने नहीं रखता .सूरत से भी अधिक महत्वपूर्ण है सीरत. गुणों के सामने चेहरे का रंग बेमायने है.कोयल की मीठी कूक हो या स्वर -कोकिला लता मंगेशकर ... काला रंग मिठास या शोहरत की बुलंदी में कहाँ आड़े आया?
                        दद्दू ने हामी में सर हिलाया.बातचीत कुछ और आगे बढ़ी..काला जादू ..काली रातों के डरावने किस्से ...कालिया नाग ... कृष्ण पक्ष..अमावस की काली रात !" अख़बार नवीस!नेत्रहीनों की दुनिया कितनी अँधेरी होती होगी!" दद्दू के मन में कुछ जानने की चाह थी." नहीं दद्दू .. वे चमत्कारिक लोग होते है .बाहर से उनकी दुनिया स्याह होती है पर उनकी अंतर्दृष्टि की जगमगाती रौशनी अँधेरी राह को उजाले से भर देती है." मैंने अपनी बात को वजनदार बनाने फिल्म ब्लैक देखकर उसे महसूस करने की हिमायत भी की.
                    " कारी घटा छाय मोरा जिया घबराय .. काली घटाओं ने गोरी का घूँघट उड़ा  दिया ... काली घटाओं  से गोरी का जिया घबराने और घूँघट उड़ने का एहसास हम दोनों ने उन गीतों के मुखड़ों से कर लिया था जो हमारी बातचीत के दरम्यान विविध भारती पर बज रहे थे.काले बालों और गोरे गालों का शोख अंदाज इस कव्वाली में बेहतर ढंग से किया गया है-
                         हमें तो लूट लिया मिल के हुस्नवालों ने 
                         काले काले बालों ने गोरे गोरे गालों ने
गोरे गालों से निगाहें हटकर जब एक पुस्तक पर बनी बापू की फोटो पर पड़ी तब ख्याल आया काले रंग का चर्चा  हो और महात्मा गाँधी का जिक्र न आये यह  कैसे हो सकता है?काले- गोरे के रंगभेद ... कालो पर अत्याचार मिटाने गाँधी के भागीरथ प्रयास आज कालजयी है.कालों की वैश्विक दुनिया  गाँधी के सामने नत मस्तक है.
                        नतमस्तक उन  महापुरुषों के सामने भी होने को मन करता है जो हमेशा यह सीख देते हैं की अपने मन के कल्मष (अन्धकार) को दूर करने की चेष्टा करें.काश काले मन को गोरा बनाने के लिए सद्विचारों के फेयर एंड लवली का भी इस्तेमाल करना लोग सीखें  .काला अक्षर भैस बराबर  मुहावरा सुना है लेकिन इन्हीं काले अक्षरों को पढकर हर इंसान अपनी दुनिया में तरक्की का उजाला भरने में कामयाब   होता है .फैशन के दीवाने ब्लैक कास्ट्यूम अब भी बेहद पसंद करते हैं.
                            " क्यों अखबार नवीस ! विदेशों की डिप्लोमेटिक बैठकों में काला  सूट पहनकर पहनकर  हाई प्रोफाइल शख्सियतें रहती हैं." हाँ इसे ही तो ड्रेस कोड कहते हैं" मैंने कहा.दद्दू यकायक बोले ." दूल्हा कितना भी काला-बिलवा हो अखबार में विज्ञापन छपवाएगा की दुल्हन  गोरी ही चाहिए.वैसे विवाह  योग्य उम्मीदवारों को काले रंग नहीं आर्थिक  क्षमता और चरित्र पर ध्यान देना चाहिए.
                                बचपन से ही काला धागा .. काला  टीका ... काजल की कोठरी  काली बिल्ली का खौफ देखते -सुनते आये है .किसी हसीं के गोरे चेहरे पे  काला तिल भी तो यूं लगता है जैसे -
                          दौलते हुस्न पे दरबान बिठा रक्खा है!
पीने के शौक़ीन अपने लिए बहाना  ढूंढ ही लेते है. और अगर काली काली घटायें छा गयी हो तो-
                 पीने का इरादा तो नहीं था मगर ऐ जोश 
                 काली घटा को देखकर नीयत बदल गयी
बहरहाल काले रंग पर बातचीत के इतने दौर चले  तब मंटो की मर्मस्पर्शी कहानी "काली सलवार" को कैसे भूल जा सकता है. कोई पत्थर दिल भी इसे पढकर आँखें पोंछने पर मजबूर हो जायेगा.जितनी जुगुप्सा है काले रंग में उतना ही तिलस्मी है इससे जुडा संसार. हाँ यह भी सच है की काले इंसानों की दुनिया से हीं भावना मिट चुकी है.फिर भी काले रंग से जुडी रोचक बाते अगर आपको मालूम हों तो जरूर बताइयेगा.
                     

                     
                             
                           

सोमवार, 30 मई 2011

समंदर है जिन्दगी और प्यार अतलांत...

Posted by with No comments



समंदर है जिन्दगी और प्यार अतलांत...
ट्रेन में मुसाफिरी के दौरान कुछ कदम साथ चलने वाले हमसफर ऐसे भी मिलते है जो यादों में अमिट इबारत बनकर चस्पा हो जाते है हमेशा के लिए...!
           अमूमन रिजर्वेशन कम्पार्टमेंट  में यूं होता है कि ट्रेन के स्टेशन छोड़ने के कुछ मिनटों बाद साँसे व्यवस्थित होते ही बातचीत का सिलसिला शुरू हो जाता है .कूपे में सवारियां अपनी-अपनी पसंदीदा गतिविधियों में संलग्न हो चुकी है.सचमुच... शुक्रिया मेरे पास रखी उस मैगजीन का जो हम दोनों के बीच बातचीत का एक बहाना बन गई.
          जरा मेगजीन दिखायेंगे!उसने मुझसे पूछा और पत्रिका के उन हाथों में जाते ही हवा के एक झोंके ने जिस पन्ने को हमारे सामने ला दिया उस पर लिखा था-प्यार  और जिन्दगी .शायद इसी बीच वह पल बीत चुका  था जब बातचीत शुरू करने दो इंसानों को एक फ्रीक्वेंसी पर आने का इंतजार  होता है.
               मैं कंगन कामराज... साइकोलाजी में एम् फिल कर रही हूँ... पति साफ्टवेयर इंजिनियर हैं ... मायके जा रही हूँ. और मैं .. ( अपना परिचय उन्हें जो बताया वह आप जानते ही हैं) अपने इंट्रो के बाद जब कूपे में बैठे दीगर लोगों पर निगाह डालता हूँ तब लोगों के हेल्थ कांशस होने की बात सतह से काफी ऊंची उठी हुई दिखाई देती है.यूं भी हम पत्रकारों को लम्हों की सुरंग में धंसकर मुद्दे और नए ट्रेंड तलाशने का मेनिया हो जाता है.वैसे भी अगर खिड़की से सटी आमने -सामने की सीटों पर बैठे हों तब उन दोनों मुसाफिरों के बीच मौसम का टॉपिक सुनिश्चित होता है .विषय आहिस्ता से रेंगकर एक बार फिर प्यार और जिंदगी पर आकर केन्द्रित हो जाता है  तब  बतर्ज लेडीज फर्स्ट मैं ईमानदार श्रोता की भूमिका में आ जाता हूँ.
                  " मेरे पति साफ्टवेयर इंजीनियर है.मुझे प्यार है उनके निश्छल और मजबूत स्वभाव से.उनके चौड़े सीने पर सर रखना मुझमें निश्चिंतता की ऊष्मा भर देता है .शादी से पहले दो बरस की दोस्ती और शादी के बाद पांच बरस की जिन्दगी बिताने के बाद ऐसा लगता है की मैं रिश्ते से थकने लगी हूँ."
                    मेरी आँखों में एक सवालिया अक्स उभरता है लेकिन कंगन की बात अभी अधूरी है ." रिश्ते के मामले में में  भावुक हूँ.रोमांटिक पलों की तलाश मुझे वैसी ही होती है जैसा किसी नन्ही बच्ची को चाकलेट ही.लेकिन मेरे पति ठीक इसके विपरीत है.वे जिंदगी में रोमांटिसिज्म लाना ही नहीं चाहते .इसलिए मुझे गुस्सा आने लगता है.
                   " पर आप ऐसा क्यूं सोचती हैं?"-मेरे भीतर का अखबारनवीस जागता है.
 इसलिए एकदिन मैंने अविचल (अपने पति)से तलाक लेने की बात कह दी " आखिर क्यूं?-उसने हैरत से पूछा " मै ऊबाऊ जिंदगी से थक चुकी हूँ."- मेरा जवाब  था. मेरे पति सारी रात कुछ  सोचते रहे ,ऐसा  मुझे लगा.मेरी छटपटाहट और बढ़ गई ." ऑफ़ ओह!यह इंसान मुझे अपना दुःख भी नहीं बताता .इससे मैं क्या उम्मीद करूँ!
मैं सोचने लगी थी.आखिर मेरे पति अविचल ने मुझसे पूछा ," तुम्हारा मन बदलने के लिए मैं क्या कर सकता हूँ?" अविचल की आँखों में गहराई तक झांककर मैंने  कहा ," मैं तुमसे एक सीधा सवाल करूंगी अगर तुमने मुझे राजी कर लिया तब मैं तलाक के बारे मैं अपना फैसला बदल लूंगी.
                     कंगन ने सवाल किया ," किसी पहाड़ पर एक फूल है .हम दोनों जानते हैं कि उस फूल को तोड़ने से आपकी ( मेरे पति ) की मौत हो जाएगी .फिर भी क्या आप वह फूल लाकर देंगे?" अविचल का जवाब था ," इस सवाल का जवाब मै कल दूंगा." पति के इस उत्तर से कंगन का दिल बैठ गया.अगली सुबह जब कंगन उठी तब उसके पति कहीं जा चुके थे.चाय के प्याले के नीचे दबा हुआ एक रुक्का रखा हुआ था जिसपर ये पंक्तियाँ लिखी  हुई थी ," माई डियर!मै वह फूल नहीं ला सकता.!रुको... जरा मुझको  इसकी वजह बताने तो दो..."
                  कंगन के पति ने रुक्के में जो पहली लाइन लिखी थी उससे मैंने अपने कुछ साँसों को अपने भीतर ही खो दिया-
                      " कंगन ...जब तुम कम्प्यूटर पर होती हो उसके प्रोग्राम गड़बड़ाने पर स्क्रीन के सामने चिल्लाने लगती हो..." मुझे अपनी अंगुलियाँ बचानी हैं ताकि प्रोग्राम ठीक कर सकूं .
                   "  कंगन तुम्हें चाबियाँ भूलने की आदत है...". मुझे अपने पाव बचाने हैं ताकि दौड़कर तुम्हारे लिए घर आ सकूं.
                      "कंगन ,तुम्हें नए शहर अच्छे  लगते हैं पर रास्ता  भूल जाती हो "...मुझे अपनी आँखें बचानी होंगी ताकि तुम्हें रास्ता दिखा सकूं.
                     " कंगन घर के काम-काज से तुम्हारे हाथों में दर्द होता है " मुझे अपनी हथेलियाँ बचानी होंगी ताकि तुम्हें सहला सकूं.
                     " कंगन , दोहरी जिम्मेदारी से तुम्हे तनाव होता है " चुटकुले सुनकर तुम्हारी थकान दूर करने मुझे अपना मुहं सलामत रखना होगा.
     कंगन .. तुम हमेशा कम्प्यूटर की स्क्रीन के सामने रहती हो .बुढ़ापे में जब तुम्हारी आँखों की रौशनी धुंधली हो जाएगी ,तब तुम्हारे नाखून काटने ... बालों में हिना लगाने ... शाम को हाथों में हाथ लेकर तफरीह करने मुझे अपनी आँखें भी तो सम्हालनी होंगी .मैं ही तुम्हे बताऊँगा ... वे खूबसूरत पेड़...परिंदे  ... खिलखिलाते बच्चे  और फूलों के रंग जिनकी चमक तुम्हारे जवान चेहरे पर रहा करती थी . बस... इसलिए ... माई डियर...जब तक मुझे यह भरोसा नहीं हो जाता कि कोई मुझसे  भी अधिक  तुम्हें प्यार कर सकता है ... मै उस पहाड़ी के फूल को तुम्हारे लिए तोड़कर मरना नहीं चाहता...."
                            कंगन की आँखें भीग गयी थीं.-" मेरे आंसूं उस चिट्ठी पर गिरते ही अक्षर धुंधले हो गए थे." उसने कहा " आप जानते है उस खत की आखिरी लाइन में क्या लिखा था? मैं अब पत्रकार नहीं  कालम राइटर की भूमिका में था.कंगन बोलती गई.उसकी आखिरी लाइन में अविचल ने लिखा था ," कंगन ... शायद अब तुम मेरी चिट्ठी पूरी तरह पढ़ चुकी हो.अगर तुम मेरे जवाब से संतुष्ट हो तब जरा बाहर आकर  दरवाजा खोलो . देखो!मैं तुम्हारे लिए तुम्हारी पसंद के समोसे और मिठाई लेकर आया हूँ."
                         मैं भागकर दरवाजा खोलने गई.देखा अविचल के चेहरे पर बेताबी झलक रही थी उसके हाथों में नाश्ते का पैकेट था .मुझे अब पूरा भरोसा है कि अविचल जैसा प्यार मुझे और कहीं नहीं मिल सकता .कंगन की मुस्कुराती आँखे इस विश्वास का साक्षी थीं कि " अब कोई जरूरत नहीं है पहाड़ी के उस फूल को तोडकर लाने की."
                   ट्रेन कब प्लेटफार्म पर आकर लगती है पता तब चलता है  जब ढेर सारा कोलाहल कानों से टकराता है.इन्हीं के भीतर एक आवाज  मुझे झकझोरती है ," कम ऑन जर्नलिस्ट!यह लीजिये आपकी मैगजीन .. नागपुर स्टेशन आ चुका है मीठी मुस्कान  के साथ जब हम विदा होते है तब पन्ने पर वही इबारत मेरे सामने एक बार फिर होती है - प्यार और जिन्दगी!
                 
                      

                              
            

शनिवार, 14 मई 2011

मैं किस्से को हकीकत में बदल बैठा तो हंगामा !

Posted by with 1 comment


जींस -टॉप... कार्गो टी-शर्ट ... फंकी -शंकी  लुक वाले नौजवान छोकरों और बोल्ड ब्यूटीफुल और बिंदास लड़कियों से घिरा था मैं.भाई कुछ भी बोलो मुझे तो आज की नयी जनरेशन बेहद पसंद है... बिलकुल मीठे-नमकीन बिस्कुट फिफ्टी-फिफ्टी या फिर खट्टी -मीठी इमली की तरह.आज के ज़माने में जब हाफ  सेंचुरी के करीब या उसके पार लोग नए  रंग में रंगने लगे हैं तब जवानी को दिशाहीन ,उच्श्रीन्खल या दीवानी कहने की फितरत एकदम बकवास है.यकीनी तौर पर समाज के आज या आज के समाज को महसूस करने के बाद बूढों का यह फिकरा ," हमने धूप में बाल सफ़ेद नहीं किये हैं " उन युवाओं की कड़ी चुनौती से जूझता हुआ लथपथ सा लगता है जो " होश भरे जोश "के साथ जिंदगी जीता है .इसमें गंभीरता के साथ पूरी मस्ती-शस्ती भी होती है .... दिल से!
                                 यूं ही सीरियस मुद्दों  पर लिखते रहोगे या कभी हमारे साथ मस्ती भी!अपने डोले दिखाते एक " माचो मैन"और एक जोड़ी शैतान, शरीर कनखियों की शरारत ने मुझे यह एहसास दिला दिया कि मुहब्बत और करियर के साझा जज्बे को पुचकारती पीढ़ी का मीठा रिश्ता इस पल मुझसे क्या मांग रहा है.
                                     सच कहूं  !दद्दू और प्रोफ़ेसर  प्यारेलाल जब साथ हो जाते हैं तब किसी भी महफ़िल की रौनक क्या खूब जमती है .हुआ भी यूं... एहसासों का आकाश था ... चर्चा  के बहाने ही सही अल्फाजों के परिंदे मुहब्बत की रेशमी डोर लेकर उड़ने लगे ... ऊंचे... और ऊंचे....
                              कि कोई दीवाना कहता है कोई पागल समझता है 
                              मगर धरती की बेचैनी को बस बादल समझता है 
यहाँ प्यासी धरती की बेचैनी और बरसने को आतुर बादल की बेकरारी किसकी है यह हर कोई समझ  सकता है .लेकिन दद्दू के मन में एक और बात आती है ," मनोविज्ञान में मैंने पढ़ा है कि दूरियां प्यार को और बढा देती हैं " लेकिन इसकी मियाद भी तो तय होनी चाहिए न " मैंने टोका.उदास खोई सी आँखों वाला युवक गुनगुनाने लगा ... शायद उसके दिल की आवाज थी -
                            मैं तुझसे दूर कैसा हूँ,तू मुझसे दूर कैसी है 
                            ये तेरा दिल  समझता है या मेरा दिल समझता है  
दो जोड़ी आँखें जब एक-दूसरे से बिना कुछ  कहे सब कुछ कह रही थीं तभी प्रोफेसर प्यारेलाल ने कहा,"प्यार में दिल और दिमाग का सही संतुलन जरूरी है . मुहब्बत में FALL IN LOVE  के बजाये   RISE IN LOVE   होना चाहिए.खास तौर पर नयी पीढ़ी अगर इसे समझ गयी ( शायद अब समझ चुकी है )तब प्यार  अँधा नहीं बल्कि तेज आँखों वाला और जिम्मेदार हो जायेगा."
                          कि मुहब्बत एक एहसासों  कि पावन कहानी है
                          कभी कबीर दीवाना था कभी मीरा दीवानी है 
कबीर और मीरा से कम, हीर-राँझा ... शीरीं -फरहाद...रोमियो- जूलियट से अधिक वाकिफ न्यू जेन .. शोख हॉट एंड स्वीट कहने लगी ," सर जी!उनके प्यार को समाज  समझ नहीं पाया .मेरी आँखों के आंसुओं को कौन समझेगा कि ये मोती हैं या पानी!
                          यहाँ सब लोग कहते है कि मेरी आँखों में आंसूं हैं
                          जो तू समझे तो मोती है  जो न समझे  तो पानी है 
दद्दू अपनी जवानी का किस्सा बताते हैं ," हुआ यूं कि मुहब्बत की राह पर निकल पड़ी थी दो जोड़ी आँखें तकदीर का फ़साना कहिये कि साथ छूटा और लड़की  की शादी हो गई कहीं और. दो बरस बाद जब वह मुझसे मिली .  उस युवती ने  अपने बच्चे से कहा , " देखो बेटा ...ये  मामा जी है तुम्हारे ." उनके जाने के बाद खीझ उतारने ( युवती के पति को बददुआएं इस अंदाज में दी-
                           समंदर पीर का अंदर है लेकिन रो नहीं सकता 
                           ये आंसू प्यार का मोती है इसको खो नहीं सकता 
                          मेरी चाहत को तू अपना बना लेना मगर 
                           जो मेरा हो नहीं पाया वो तेरा हो नहीं सकता 
" अब समझदार हो चुकी है युवा पीढ़ी."नौजवानों से रिएक्शन लेने जब दद्दू ने लड़के-लड़कियों से कहा ,"प्रेम हिंदुस्तान में ऐसा विषय है जिसमें केवल थ्योरी  की क्लासेस  चलती है  " इसपर दबी जुबान से खिल खिलाह्टें और इशारेबाजियाँ जब हुईं ,मामला सा था कि वे क्या कहना चाहते हैं .
             "सर जी!आज के नौजवान युवक-युवतियां सोच -समझकर अपने जीवन साथी का चुनाव करते हैं"-                                                         पहला युवक.
"हाँ सर!पैरेंट्स को भी चाहिए की हम पर भरोसा कर कम से कम हमारी बात तो सुनें "-पहली युवती.
" करियर मेकिंग और फियान्सी को अच्छी तरह समझने का कम हम लोग कोर्टशिप के दौरान ही कर लेते हैं सर जी!"-दूसरा युवक.
"सर जी! इसीलिए तो प्रेम विवाह भी अछे माता-पिता परखने के बाद अरेंज्ड में बदल देते हैंकसौटी पर कसना तो हर मामले में पड़ता है."-दूसरी युवती.
                         खोई-खोई सी आँखों वाले उस युवक को देखकर ही लगा था की वह शायराना तबीयत का नौजवान है .दद्दू.प्रोफ़ेसर और मैं ,हम तीनों की अनुभवी आँखें यह जानती थीं की खोया-खोया सा रहना भी प्यार में होने की निशानी है ( बशर्ते कोई दीगर मनोरोग से जुदा  मसला न हो ).इसी बीच उसने एक पल आसमान की और देखा फिर अपने साथियों की और मुखातिब होकर कहने लगा," सर जी!प्यार  तो मीठा एहसास है .. जूनून और पैशन भी " क्योंकि-
                         भ्रमर कोई कुमुदिनी पर मचल बैठा तो हंगामा 
                          हमारे  दिल में कोई ख्वाब पल बैठ तो हंगामा 
                        अभी तक डूब कर सुनते थे तब किस्सा मुहब्बत का 
                       मैं किस्से को हकीकत में बदल बैठा तो हंगामा 
वाह-वाह और सीटियों के स्वर यदि नौजवानों के बीच से नहीं आते तो आश्चर्य जरूर होता .प्यार भरी मस्ती में नौजवान टोली हमसे बिदा लेती है .लेकिन हमारी  नजर में इश्क जिस्मानी नहीं रूहानी करिश्मा है इबादत...खुदाई...आतिश-ए-ग़ालिब .राधा ,मीरा और जूलियट का समर्पण है जो रब के लिए सूफीज्म भी बन जाता है .मुसाफिर के साथ रहने वाले क़दमों का निशान हैं प्यार .इस प्यार को सेक्स की आदिम अवधारणा से अलहदा करने पर ही उसकी पवित्र सुगंध का एहसास होता है.उसी प्यार का जो जात,उम्र,मजहब ,जन्म के बंधन से परे गहराइयों तक समां जाता है सिर्फ दिल की धडकन में .हालाँकि सीरियस लफ्जों की बजाये अपनी जींस -टॉप... कार्गो टी शर्ट... फंकी-शंकी लुक वाले " तुझमें रब दीखता है" गुनगुनाने वाले मेरे प्यारे नौजवान दोस्तों को यह बात जल्द समझ में आती है की प्यार तो बस हर हाल में निभाना ही है क्योंकि-
                           इश्क वाले आँखों की बात समझ लेते हैं
                            सपनों में मिल जाएँ तो मुलाकात समझ लेते हैं 
                           रोता तो आसमान ही है प्यार के लिए
                           पर नादाँ लोग उसे भी बरसात समझ लेते हैं 
                                                                                                                 प्यार सहित...
                                                                                                                         किशोर दिवसे 
                         

                        

                             

शुक्रवार, 6 मई 2011

जहाँ कानून बेआवाज होगा ,वहीँ से जुर्म का आगाज होगा

Posted by with 1 comment



जहाँ कानून बेआवाज होगा ,वहीँ से जुर्म का आगाज होगा 

अल्सुब्बह दद्दू तफरीह कर लौटे और श्रीमती जी ने चाय का प्याला उनकी टेबल पर धर दिया.शहर से छपने वाले दो-तीन अखबारों के पन्ने पल्टाते पूरा चाट गए.खाली प्याला देखकर सोचने लगे ," अखबारों में जुर्म की ख़बरें इतनी ज्यादा क्यों हैं! क्या हो गया है इंसान को!क्या गाँव क्या शहर और महानगर हर  तरफ जुर्म का बोलबाला !सारे मुल्क में बढ़ते जुर्म को देखकर कभी-कभी लगता है कानून है या नहीं और अगर है तब सख्ती से उनपर अमल क्यों नहीं हो रहा"?
                           रहेगा मुल्क में अम्नो सुकून तब बाकी
                            हरेक जुर्म पे कानून जब सजा देगा
खैर कानून अपना काम करेगा .लेकिन एक बात सच है कि गुनाहगारों ने अपने चेहरों पर कैसे-कैसे मुखौटे लगा लिए है.कहीं जज्बातों का ...रिश्तों का...आध्यात्मिकता  का ... मिठलबराई का ...कहीं परायेपन और अपनों का अपनापन भी जुर्म की भेंट चढ़ जाता है.लगता है  जिंदगी की किताब का ऐसा  कोई सफा नहीं बचा है जिसपर ईमानदारी का केनवास गुनाह की कालिख से बदरंग न हुआ हो. वक्त बदलने का बहाना ढूंढ लिया है समाज ने पर हाशिये पर जाते  नैतिक मूल्य  आम इंसान के खोखले जमीर की चुगली  कर देते है.
                           आप ही बताइए हर तरफ आगे मुजरिम ही नजर आने लगे तब कौन किसकी गवाही देगा?
लेकिन दद्दू यदि किसी ने  अपना जुर्म कबूल कर लिया है  तब क्या उसे सजा मिलनी चाहिए",मैंने पूछा." नहीं अगर  कोई सच्चे दिल से माफ़ी मांग ले और गुनाह फिर न दोहराए तब सजा की क्या जरूरत" बशर्ते जुर्म गंभीर न हो तब उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया जाता है-
                             अब उसको सजा दे के गुनाहगार न बनिए 
                              मुजरिम के लिए जुर्म का इकरार बहुत है
  अलग बात है जुर्म का इकरार करना .लेकिन देखा जा रहा है कि क्या सरकारी और क्या गैर सरकारी  सभी जगह करप्शन आसमान छूने लगा है.न कानून का डर है  न किसी पर  कोई जवाबदेही फिक्स की गई है. न सरकार जवाबदेह है अपनी करतूतों के लिए... न व्यक्तिगत रूप से अधिकारी या नागरिक.संसद में करोड़ों रूपये बहस के दौरान(  अक्सर हुए बगैर भी ) बर्बाद हो जाते है, नतीजा सिफर. हर किसी पर आर्थिक जवाबदेही तय होनी चाहिए.
                         कई बार अनजाने में किये जुर्म का एहसास भी सताता है यह दो-टूक सच है कि अपराध और गलती में निशित रूप से फर्क है और  सजा कि मियाद भी तय होनी चाहिए खास तौर पर सामाजिक रिश्तों के परिप्रेक्ष्य में इसीलिए तो कानून में भी DETERRANT THEORY OF PUNISHMENT और REFORMATIVE THEORY के बीच संतुलन बनाने  की कोशिश की गई है लेकिन कराप्प्शन की बदबू तो समाज के हर क्षेत्र से आने लगे तब सक्रिय हस्तक्षेप पर सोचना  वक्त की जरूरत बन ही जाती है .यह तो सच है पर कई बार अपराध बोध बेचैन कर देता है ,नींद उड़ जाती है और रातों को उठ-उठकर टहलने की नौबत आ जाती है . लेकिन यह सिर्फ उनके साथ होता है जिनका जमीर दिल के किसी कोने से उन्हें धिक्कारता है. इसी धिक्कार के ईलेक्ट्रोंस को गतिवान बनाना जरूरी है. और अपराधबोध की घबराहट भी कई बार ऐसी होती है की गुलिस्तान से खदेड़ दिए जाने के बाद जब कभी बागबान से नजरें मिलती हैं तब -
                                  जुरअत से की बागबान से पूछ सकें हम 
                                  किस जुर्म में निकले गए गुलिस्तान से हम 
बेहद तिलस्मी है जुर्म और गुनाहगारों की दुनिया.मासूम बच्चों से लेकर  तीन-एजर्स और बूढ़े तक     इसका शिकार हैं.आजकल हालत ये है कि इन्साफ का तराजू भी डोलने लगा है." मैं पूछता हूँ दद्दू कि आज के ज़माने में जिस तरह ईमानदारी से जीना मुश्किल है और बेईमानी से आसान ,वैसे ही फ़रिश्ता बनकर मरने का डर क्यूं सताने लगता है?" यह गलत सोच है दद्दू,दिल बहलाने को भले ही आप कह लें अच्छा हुआ मुजरिमों की तरह जीना सीख लिया ... फ़रिश्ता बनते तो कब के खर्च हो चुके होते.लेकिन जुर्म के विरुद्ध आवाज उठाना भी सीखना चाहिए. यह सच है कि,"चुप रहना जुर्म है जुर्म करना तो जुर्म है ही मगर जुर्म सहना भी उससे बड़ा जुर्म है."यूं होता है की कभी लम्हे खता करते है और सदियाँ इसकी सजा पति है इकबाल ने कहा है-
                                   तारीख की नजरों ने वो दौर भी देखा है 
                                   लम्हों ने खता की थी सदियों ने सजा पाई
सदियाँ तो दूर ....मुहब्बत भरे दिल तो गाहे--ब-गाहे पूछ लिया करते है ," किसी को चाहते रहना कोई खता तो नहीं?अपने अजीज के बगैर तो जिन्दगी भी गुनाह लगती है.जुर्म सी लगने के बावजूद जिंदगी से न जाने क्यूं प्यार करने लगते हैं हम! बहरहाल ,बढ़ते जुर्म पर हर एक इंसान को समाज और सियासत पर लगाम लगानी चाहिए.महापुरुषों ने कहा है," घृणा अपराध से करो, अपराधी से नहीं" जुर्म और गुनाहगारों पर सख्त नियंत्रण करने सभी को सक्रीय रहना होगा जहाँ तक नौजवान दोस्तों की बात है की वे जुर्म की दुनिया से हमेशा दूर रहकर सफलता कई बुलंदियां हासिल करने की कोशिश करें.क्या जरूरत है प्यार को दुनिया से छिपाने की-
                                   कुछ जुर्म नहीं इश्क जो दुनिया से छियायें
                                    हमने तुम्हें चाह है हजारों में कहेंगे 
                                                                                                                  किशोर दिवसे 
                                                                                                                       मोबाइल -9827471743
                        
                           

                         

गुरुवार, 5 मई 2011

वो शख्स धूप में देखूं तो छांव जैसा था.

Posted by with No comments
वो शख्स धूप में देखूं तो छांव जैसा था.






गरमी, सर्दी या बारिश ... मौसम चाहे कैसा  भी हो हमारी बातचीत का एक जुमला तयशुदा होता है .सर्दियों में बाप रे!कितनी ठण्ड लग रही है!बारिश में ... ओफ ओह... क्या घनघोर बारिश है!और आज जब लू के थपेड़े चल रहे हैं हम यह कहने से नहीं चूकते "क्या जबरदस्त गरमी है यार!अब आप ही बताइये अप्रैल और मई में आसमान से सूर्यदेव आप पर अंगार नहीं बरसाएंगे तो क्या फूल फेकेंगे?
                                फिर भी हर एक इन्सान खुश है कि आग उगलते मौसम में तरावट लाने जलजीरे का शर्बत है... बर्फ के रंगीन रसभरे गोले .. गन्ने का रस ... आइसक्रीम .. मौसमी फलों की फांकें... कोल्ड ड्रिंक्स और लस्सी... वाह -वाह !!!!दद्दू जैसे अनेक लोगों ने चाहे वे बच्चे ,नौजवान या बुजुर्ग क्यों न हों अपनी जिंदगी में धूप की तल्खियाँ बर्दाश्त की हैं.कुछ   लोग  जरा सी धूप बर्दाश्त नहीं कर सकते  पर यकीनन कई  लोग आज भी बड़े गुरूर से यह कहते हुए नहीं चूकते कि-
                      हम तो सूरजमुखी के फूल है ,पलते हैं धूप में 


 धूप से खुद को बचने के तौर-तरीके हम सबने सीख लिए हैं.याद है नानी या माँ भी बचपन में कहा करती थी ," बेटा! धूप में बाहर जा रहा है एक प्याज रख ले अपनी जेब में .और हाँ...धूप में कहीं भी रुको तब पल भर रुककर ही पानी पीना.अब तो बनती-बबली से लेकर दद्दू तक की उम्र के लोग भी चेहरे को पूरी तरह लपेटकर धूप में निकलते है.फॉर व्हीलर की सवारियां धूप के शैतानियों से बेअसर होती हैं लिकिन हममें से कई लोग ऐसे है जो यह कह सकते हैं -
                       धूप में चलने की आदत है हमें बचपन से 
                       जलने लगते हैं कदम छांव में जब होते हैं 
फिर भी तेज आंच में ही चांदी और सोने का रंग-रूप निखरता है.हमारी जिंदगी में भी ऐसा है होता है.अनुभवों की गरमी से ही हमारा व्यक्तित्व परिपक्व होता है.शहर कंक्रीट के जंगल बन चुके हैं और दुनियाभर में हर शहर " ग्रीन  सिटी बनने को तरस रहा है और चाहिए भी.चिलचिलाती धूप में शहर के भीतर हो या बाहर वृक्षों की छांव कितना सुकून देती है  और सर पर ऐसे वक्त अगर कोई साया न हो मन में कसक यूं उठती है-
                        धूप में मेरे सर पर कोई साया तो होता 
                         काश मैंने भी कोई पेड़ लगाया तो होता
अपने  शहर में भी महानगरों की तरह विकास जरूर होना चाहिए पर अपने दद्दू की बात मानो और  अपने शहर को भी ग्रीन सिटी बनाने के लिए मुहिम  छेड़ दो.अमूमन हर शहर में पेयजल की समस्या शुरू हो चुकी है . अगर सही  वक्त  पर अपने शहर में वृक्षारोपण  ,भूमिगत जलस्रोत और पानी बचने  जनचेतना जगाने हम चौकन्ने न हुए तो अपने शहर की हवाएं भी चीखकर कहने लगेंगी-
                         कितने हँसते हुए मौसम अभी आते लेकिन 
                          एक ही धूप ने कुम्हला दिया मंजर मेरा 
यकीन है ऐसा नहीं होगा पर " डर्मीकूल का मौसम " आता है तब डियो और किस्म -किस्म के परफ्यूम से महकने लगते हैं जिस्म.पसीने में तर-ब-तर शरीरों से उठती गंध बेचैन कर देती है.गर्मियों से मौसम में किसी खूबसूरत से जिस्म से अपनी ओर आते परफ्यूम से भरी हवाओं के झोंके दद्दू  को  धडकते दिल से यह कहने पर मजबूर कर देते हैं -
                         तेरे बदन की आंच है की दोपहर कि धूप
                        जुल्फों के साये को भी पसीना आ गया
तेज गर्मियों के मौसम में हर  अर्पिता  धरती भी प्यासी  हो जाती है.उसकी गोद में खिलने वाले पौधे और फूल मुरझाने लगते हैं .शाम को धूप में ऐसे ही किसी फूल का उदास मुरझाया सा चेहरा देखकर सूरज के  जायज गुस्से पर भी गुस्सा आने लगता है. मेरा मन कहता है-
                          मुरझाया हुआ फूल सरे शाख पर क्यों है 
                          लगता है चूमा है किसी के आतिशी लब ने 
खैर मौसम की धूप हो या तेज गर्मियों के थपेड़े ... जिंदगी का पहिया तो घूमता ही रहेगा गर्मियों का भी आनंद लीजिए पर मौसम से अलहदा बात अगर जिंदगी की तल्ख़ धूप की हो तब अपने -आपको छांव की तरह सुकून देने वाला बनाए रखिए.गर्मियों में अपना और अपने पूरे परिवार की सेहत का अच्छी तरह ख्याल रखिए. और हाँ.. अपना चेहरा आईने में देखकर मुझे यह जरूर बताइयेगा की क्या आप सचमुच वैसे ही हैं जैसा में आपके बारे में सोचता हूं -
                              रुके तो चाँद,   चले तो हवाओं जैसा  था 
                             वो शख्स धूप में  देखूं तो छांव जैसा था 
                                                                                                       किशोर दिवसे 
                         
                             
                         

शनिवार, 30 अप्रैल 2011

बसंती! इन कुत्तों के सामने मत नाचना!!!!!

Posted by with No comments
बसंती! इन कुत्तों के सामने मत नाचना!!!!!




कुत्तों की भाषा के डिजिटल  अनुवाद की खबर अरसा पहले किसी अखबार में छपी थी.  खबर में कहा गया था कि जापान की ताकारा कम्पनी ने डिजिटल अनुवादक भी तैयार कर लिया है.उस वक्त बात आई-गई हो गई लेकिन मैंने सोचा  की आने वाले समय में  हो सकता है पशु-पक्षियों की भाषा या मनोभावों तो ताड़ना इस डिजिटल अनुवादक के जरिये आसान हो जाये. फ़िलहाल की स्थिति में जैक लन्दन के उपन्यास CALL OF THE WILD  में प्राणियों और मानव के अंतर संबंधों की सबसे दार्शनिक और दो -टूक व्याख्या की गई है.
                                बहरहाल सोचिये,कुत्ते( सम्मानजनक भाषा में श्वान )किस वक्त क्या सोच रहे है, अगर डिजिटल अनुवादक यह बता दे तब रोजमर्रा की जिंदगी में कैसी-कैसी परिस्थितियां बन सकती हैं?  यकीनन ऐसा होने पर कई कुत्ता मालिकों की पोल खुल जाएगी और कामेडी और ट्रेजेडी के प्रसंग ठहाको और विचार के मुद्दे बन जायेंगे.
                          समय:                      आने वाले सालों में कभी भी 
                           स्थान व् दिन:          कहीं किसी रोज 
मल्टीप्लेक्स से लगा हुआ एक अखबार का दफ्तर है.सामने श्वान समूह की भारी भीड़ देखकर यह अंदाज लगाया जा सकता है की वे काफी गुस्से में हैं.नुकीले दांत दिखाकर एक श्वान गुर्राया,अब हम बर्दाश्त नहीं करेंगे कि कोई आदमी बार-बार यह कहे -- अबे कुत्ते..   कुत्ते की औलाद .. कुत्ते कहीं के! हम इंसानों को तो कभी नहीं कहते -अबे आदमी... आदमी की औलाद.. आदमी कहीं के!
                               नेता के घर का कुत्ता चाटुकारों की चमचागिरी देखकर मुस्कुराते हुए पडोसी दद्दू के घर के श्वान से कह  रहा था ," तुम ही बताओ यार!अब यह कहना कहाँ तक सही है कि कुत्तों की तरह दुम मत हिलाओ!" मंत्रालय के बाहर गपियाते श्वान समूह में यही चर्चा था ... देखा यार!नेताजी किस तरह मुख्यमंत्री के सामने दुम हिला रहे  हैं!
                           यकायक दो युवा श्वान किसी बात पर झपट पड़े.नोच-नोच कर एक-दूसरे को लहू लुहान कर  दिया.बूढ़े सीनियर श्वान ने समझाइश दी," नालायक ! बेशर्म कहीं के!अच्छी भली श्वान की जिंदगी मिली है ,ये क्या इंसानों की तरह एक-दूसरे की मिटटी-पलीत कर रहे हो?" दोनों ने सामने के दोनों पाँव( या हाथों) से शेक हेंड कियाऔर पतली गली से खिसक लिए.
                              किंग्स पार्क के आगे एक युवा श्वान युगल जैसे ही मिले उनकी आँखे चार हुई और दद्दू समझ गए  पूर किस्सा  ..... " आती क्या खंडाला!!!!"थोड़ी ही देर बाद वे दोनों वहां से गायब थे.उस रोज दद्दू के श्वान का मूड था पिक्चर जाने का.पडोसी  गर्ल फ्रेंड के साथ फर्स्ट शो देखने चल दिए.कुत्ता नम्बर -1,डान डाबर मेन ,पामेरियन आर फ़ारेवर, श्वानवंषम ,  2015-एक श्वान कथा,.. ढेर सारी फ़िल्में लगी थी. 
               काफी हाउस में दो बूढ़े श्वान डान हर्मन शेफर्ड और टच टेरियर उलझ पड़े थे.शेफर्ड ने कान खड़े करते हुए खिंचाई की," यार टेरियर! जरा तो ईमानदारी रख.तेरे जैसे घटिया श्वान ने बिरादरी की नाक कटा दी .सम्मान पाने की इतनी भूख कि राजधानी जाकर कुत्तालय में सेटिंग कर ली और श्वान रत्न का पुरस्कार जुगाड़ कर लिया.श्वान समुदाय चिंतित था.श्वान श्री,श्वान वाचस्पति जैसे पुरस्कार " फिक्सिंग " कर कुछ खूसट श्वान लपक रहे थे.इसी बीच श्वान गाथा  वेब साईट ने भी अपने पुरस्कारों का ऐलान कर दिया था.सत्ता से उनकी सेटिंग अच्छी थी लिहाजा पुरस्कार जिन्हें मिलाने वाला था  उनके लिए तो " मोगाम्बो खुश हुआ" और जो वंचित रह गए वे आसमान की और मुह उठाकर ऊ SSSSS  की ध्वनी निकल रहे थे.
                        किसी घर में मिसेज श्वान ने मिस्टर श्वान की आँखों में झांककर कहा,"एजी!आप कितने अच्छे हो!भुलक्कड़ ही सही पर आदमी की तरह बेवफा तो नहीं जो उम्रदराज होने पर भी कहीं भी लार टपकाते  ...मुह 
मारते फिरते हैं! हम तो सावन में ही बदनाम है .साहित्यकार  "सावन के कुकुर" कहकर मसखरी करते है. और नामुराद ... मुए आदमियों का तो हर वक्त ही " सीजन " होता है.
                           डिजिटल भाषा डिकोड करने की वजह से दद्दू अब समझने लग गए थे की शिर्डी में मंदिर के सामने श्वानों को दूध क्यों पिलाया जाता है.मेहनत के बावजूद पुलिस महकमे के श्वान स्क्वाड में खासी फुर्ती थी.स्वामी भक्ति का पर्याय बनाये जाने से भी वे खुश थे.फिर भी कुत्ता संबोधन का सरे आम प्रयोग किये जाने पर उन्हें सख्त आपत्ति थी.
                                 आपत्ति इस डायलाग पर भी थी की धर्मेन्द्र ने फिल्म  शोले में कहा,"बसंती! इन कुत्तों के सामने मत नाचना."क्यों!.. बसंती कहे नहीं नाचेगी?.. हम कुत्तों की  कोई इज्जत नहीं है क्या?आगे ऐसे वाहियात डायलाग बंद नहीं हुए तो हम भी अपनी श्वान  बिरादरी में फतवा जारी कर देंगे,"," टामी! इन इंसानों को देखकर मत भूकना ." लेकिन हम इंसान थोड़े ही हैं... हमारा जमीर अभी जिन्दा है.
                                 दद्दू उस रोज बेहद  चिंतित थे.श्वानोत्सव देखकर लौटे उनके श्वान परिवार में जूनियर श्वान विचित्र हरकतें  कर रहा था.हालत बेकाबू होते देखकर दादी श्वान ने अनुभवी आँखों  से ताड़कर कहा," बेटा  ब्रूट!जल्द इसे डाक्टर के पास ले जाओ  . मुझे लगता है इसे जरूर किसी पागल आदमी ने काट खाया है. इंजेक्शन लगवाना और उस आदमी पर भी नजर रखना .  कही वो आदमी मर गया तो अपने पर आफत आई समझो. !
                                   सुबह जूनियर श्वान को लेकर तफरीह पर निकले थे दद्दू .रास्ते में कई साइन बोर्डों पर नजर पड़ी-  दाग्फोर्ड  यूनिवर्सिटी ,श्वानालय,होटल श्वान,श्वान विला, रेस्टोरेंट  भौं भौं,उसी रोज किसी अखबार में खबर भी छपी थी की जिला चिकित्सालय में आदमी काटने के इंजेक्शन  भी नहीं हैं . बूढी श्वान दादी ने धमकाया सभी पिल्लों को " खबरदार !!!! किसी आदमी के पास मत फटकना."
                    अब आप सोच रहे होंगे की भला दद्दू को श्वान भाषा में कैसे महारत हासिल हो गई!भाई! सो सिम्पल...कुत्तों की भाषा के डिजिटल अनुवाद के बाद इतनी तरक्की नहीं हो सकती की अपने दद्दू श्वान भाषा में ही पी एच डी कर ले!तभी तो वे समझ गए की तफरीह के समय   अमीरचंद का श्वान जो लबादा ओढ़े हुए था फुटपाथ पर अधनंगा बदन सोये बच्चों को देखकर हिकारत से मुह फेर रहा था . मिडिल क्लास श्वान ने अमीर श्वान को खीझ भरी निगाह से देखा . पास में खड़े एक रोडेशियाँ कुत्ते ( सड़क छाप)  ने  मन में सोचा कि कुत्ते का बच्चा अपने हिंदुस्तान में हजारों  रूपये  में  मिलता है   और  कई नवजात शिशु ....डस्टबीन में!!!!  उन्हें गोद लेने वाले तक नहीं मिलते!!!!  मिडिल क्लास श्वान ने कथरी ओढ़े  इंसान के बच्चों को अपनी जीभ से दुलारा और चलते-चलते गुनगुनाने लगा 
                                             मुफलिस को तो कोई चादर नहीं नसीब
                                            कुत्ते अमीरों के हैं लपेटे हुए लिहाफ!
                                                                                                                  

                                                                                                                        किशोर दिवसे 
                                                                                                       

                                  
                                          
                               
 

शुक्रवार, 29 अप्रैल 2011

पापा एक घंटे में कितना कमाते हैं आप?

Posted by with No comments




पापा एक घंटे में कितना कमाते हैं आप?
किसी कार्पोरेट कंपनी का अधिकारी देर शाम थका- हारा निढाल होकर अपने घर लौटा.दरवाजे पर उसे अपना पांच बरस का छोटू खड़ा मिल गया.छोटू ने पापा से पूछा ,"" पापा! आपसे एक सवाल पूछूं?". उसके पापा बोले,"हाँ हाँ पूछो बेटा!"" आपको एक घंटे में कितने पैसे मिल जाते है?" छोटू ने पूछा." नन ऑफ़ योर बिजनेस "छोटू के पापा ने गुस्से से पूछा.," तुम ऐसा सवाल मुझसे क्यूं पूछ रहे हो?"छोटू बोला," पापा मैं सिर्फ इतना जानना चाहता हूँ ... प्लीज बताइये न!आपको एक घंटे में कितना पैसा मिल जाता है?"ठीक है... यही जानना चाहते हो  तो सुनो.मुझे एक घंटे में सौ रूपए मिल जाते हैं" छोटू के पापा ने जवाब दिया.
                          ओह! ( बेटे का सर झुका हुआ था.) "पापा क्या आप मुझे पचास रूपए देंगे?" . इतना सुनना था की छोटू के पापा आग-बबूला हो गए.यानि तुम इसलिए यह बात पूछ रहे थे की पैसे लेकर कोई फालतू सा खिलौना या कोई चीज खरीद लोगे! जाओ सीधे जाकर अपने कमरे में सो जाओ.मैं रोज दिन-रात कितनी मेहनत करता हूँ और तुम्हारा ऐसा बचकानापन !
                       छोटू ने अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया.उसके पापा बैठकर छोटू के सवालों पर गुस्से से चिढ़ते रहे.आखिर बच्चा पैसे लेने के नाम पर ऐसे सवाल पूछ रहा था?एक घंटे बाद वह अधिकारी शांत हुआ और सोचने लगा," हो सकता है छोटू को पचास रूपए से कुछ खरीदना हो.वैसे भी वह हमेशा पैसे के लिए तंग नहीं करता. छोटू के कमरे में जाकर उसके पापा ने दरवाजा खोला-"बेटा! सो गए क्या ?-उनहोंने पूछा ." नहीं पापा  ... मैं जाग  रहा हूँ." छोटू ने जवाब दिया.
                          " सोच रहा था की बेकार  ही मैं तुमपर गुस्सा करने लगा.... दरअसल थकान  थी इसलिए गुस्सा तुमपर उतरा.ये लो बेटा पचास रूपये तुम मांग रहे थे न!"छोटू फौरन उठकर बैठ गया.मुस्कुराकर उसने कहा," थैंक यूं पापा ".फिर वह धीरे से अपने तकिये के पास गया और उसके नीचे रखे कुछ मुड़े-टुडे नोट निकाले.छोटू के पापा ने देखा की पहले ही बच्चे के पास रूपए हैं .तब उनका गुस्सा भड़कने लगा.छोटू ने पैसे गिने और अपने पापा की और देखा.
                            " जब तुम्हारे पास पैसे थे तब मुझे और पैसे के लिए क्यूं कहा?". उसके पापा गुस्से में थे." पापा अब मेरे पास कुल सौ रूपए हो गए है......पापा  पापा...क्या आपके एक घंटे का समय मैं खरीद सकता हूँ?प्लीज कल जल्दी घर आ जाना.मैं आपके साथ खाना खाऊंगा.पापा."
   कार्पोरेट अधिकारी पिता मर्माहत था.उसने अपने बेटे को आलिंगन बद्ध कर लिया.पिता ने कहा," छोटू बेटा! आई एम् वेरी सॉरी."
                            यह घटना नहीं एक चेतावनी है.उन लोगों के लिए जो दिन-रात हाई पॅकेज और धन-पिपासा के वशीभूत घर के बाहर रहकर सिर्फ पैसा कमाना चाहते हैं.( अब तो मजबूरी में बच्चों ने भी व्यस्त रहने के वैकल्पिक उपाय सोच लिए है. लेकिन माता-पिता से अक्सर संवाद न होने वाले बच्चो में किस्म-किस्म के काम्प्लेक्स  बन जाते हैं).
                             ठीक यही पल होता है जब धन -पिपासा देखकर अपने दद्दू की  आँखों के कोने   नम हो जाते हैं.दद्दू कहते हैं ," हमें अपनी अँगुलियों के बीच से वक्त को रेत की तरह फिसलने नहीं देना चाहिए.खास तौर पर पैसे की कीमत पर....बगैर उन लोगों के साथ वक्त बिताए जो सचमुच हमारे लिए मायने रखते हैं.... जो हमारे दिल के करीब हैं... एकदम करीब.रूपयों के नोट उन अपनों से अधिक कीमती नहीं हैं जिन्हें आप प्यार करते है. 
                            पैसा जरूरी है... बेहद जरूरी पर उसकी हवस में परिवार के लिए वक्त नहीं निकलने वाले लोगों को दद्दू अक्सर यही समझाइश देते हैं ," सोचो!कल के रोज अचानक हम मर गए तब वह कंपनी जिसके लिए हम काम कर रहे हैं वहां पर हमारी जगह कुछ ही दिनों में कोई नया व्यक्ति आ जाएगा.लेकिन, जो परिवार ... दोस्तों और अपने चने वालों का कुनबा हम अपने पीछे छोड़ जाएँगे वे लोग साड़ी जिन्दगी कमी महसूस करेंगे."
                           यह कार्पोरेट कल्चर का जूनून है.पैसा  जरूरत है ,सब कुछ नहीं.परिवार के खुशियों  की कीमत पर कभी नहीं.परिवार और प्रोफेशनल जिन्दगी में सही संतुलन बनाए रखिए क्योंके पैसा भरपूर साधन  देगा लेकिन सुख !!!!!!!!!
०००००००
पता नहीं मुझे ऐसा क्यूं लगा की यह किस्सा हर उम्र के बेटे- बेटी और  पापा के लिए एकदम खरा उतरता है .हुआ यूं. की एक नन्ही बच्ची और उसके पिता पुल पार कर रहे थे.नीचे बहती पहाड़ी नदी की तेज धारा  देखकर पिता का दिल जोरों से धडकने लगा.पापा ने अपनी बेटी से कहा," बेटी!मेरा हाथ पकडकर चलो.कहीं ऐसा न हो की हाथ छूट  जाए और तुम नदी में गिर जाओ.वह बच्ची कहने लगी ," नहीं पापा आप मेरा हाथ पकड़ लो." क्या फर्क पड़ता है बेटी!"-उसके पापा ने पूछा .
               " बहुत फर्क है पापा ! अगर मैं आपका हाथ पकडकर चलती हूँ और मुझे कुछ हो जाता है तब हो सकता है की मेरी पकड़ से आपका हाथ छूट जाए.लेकिन अगर आप मेरा हाथ पकडकर चलते है तब मुझे पूरा विश्वास है की आप मेरा हाथ कभी नहीं छूटने देंगे.... फिर चाहे कुछ भी हो जाए.
                                  दद्दू एक बार फिर अपनी सजल होती आँखों को छिपाने की कोशिश करते है.कुछ रुंधे गले से कहते है ," आप और  हम सबको यह बात अच्छी तरह से समझ लेनी चाहिए की किसी भी रिश्ते में विश्वास की महक एक अटूट ऋणानुबंध है ... इसलिए जो भी आपको प्यार करता है उसका हाथ थामे रहिए.न की आप यह उम्मीद करें की वह आपका हाथ थामकर रखेंगे.!        
                                                                           
















                                                                                                          
                     
                      

गुरुवार, 28 अप्रैल 2011

कौन याद करता है हिचकियाँ समझती हैं..

Posted by with No comments



कौन  याद करता है हिचकियाँ समझती हैं... 
बेटा ...कोई शायद याद कर रहा है इसलिए इतनी हिचकियाँ ले रहा है तू ... चल जा पानी पीकर आ"...बचपन में माँ के कहे हुए शब्द आज भी याद हैं.और पानी पीने से पहले जाने-अनजाने कितनों को याद कर लिया था उन दिनों में.  नौजवानी ने कदम बढ़ाए और जवानी के दौरान भी छेड़खानी  के अंदाज़  में ही सही इन हिचकियों के साथ ही अपनों को याद करने का इतना प्यार भरा तरीका मुझे नहीं लगता हमारे देश के अलावा किसी और जगह सोचा भी जा सकता है.
                 हिचकियाँ... पानी का गिलास और बहाना ही सही अपनों को याद कर लेना ..जरा सोचिये तो सही किसके मन में सबसे पहले यह विचार आया होगा kii हिचकी आई  है चलो अपनी नजरों से दूर चहेतों को याद तो कर लें नै पीढ़ी के मेरे नौजवान दोस्त पता नहीं हिचकियों से जुड़ा यह  रेशमी रिश्ता छू पाते हैं या नहीं जो अक्सर मन को गुदगुदा जाता है .भूले -बिसरे लोगों को  इसी बहाने याद करके देखिए तो सही कितना मजा आता है!
              इसका मतलब यह हुआ की मुझे हिचकियाँ नहीं आती यानि मुझे कोई याद ही नहीं करता."गंजी चाँद पर हाथ फेरते हुए दद्दू ने कहा," लगता है सब  लोग मुझे भूलते जा रहे हैं इसलिए हिचकियाँ आनी बंद हो गई हैं" इसी बीच दद्दू को हिचकी आई और दो घूँट पानी से हलक तर करते ही उनका कंठ खुल गया -
              हिचकियाँ इसलिए अब मुझको नहीं आती हैं 
              रफ्ता-रफ्ता वो मुझे भूल गया है शायद 
हिचकियों और यादों से जुडी बातों के रस्ते दद्दू और मैं कुछ दूर निकल पड़ते हैं तफरीह के लिए.सिमटते मैदान के कोने में खड़े आम के पेड़ की डाल पर बुलबुल और एक फुनगी पर सैयाद के होने का एहसास मिठास भरी कूक से होता है." पत्रकार भाई!कहीं इस बुलबुल के स्वर  में सैयाद के बिछोह की व्याकुलता तो नहीं छिपी है?" दद्दू ने मुझसे सवाल किया ." न तो मुझे पक्षियों की बोली का ज्ञान है और न ही मैं आरनिथोलाजी का विशेषग्य." लेकिन कहानियां और उपन्यास मैंने जीभरकर पढ़े हैं और बुलबुल और सैयाद के जरिये प्रेमी जोड़ों की कल्पना की गई है." मैंने कहा.
                       "तब कहीं यह कूक सैयाद की याद में बुलबुल की हिचकी तो नहीं!" दद्दू ने मुझे फिर टोका.अपने सर के बाल नोंच लेने का जी चाहा था दद्दू के इस " सेन्स आफ एस्थेटिक्स " पर.फिर भी आज के युवा दोस्तों के इर्द-गिर्द मौजूदा माहौल के मद्देनजर  मुझे एहसान दानिश का यह शेर याद आता है-
                दो  जवां  दिलों  का गम  दूरियां  समझती  हैं 
                कौन याद करता है हिचकियाँ समझती हैं 
                  
 कभी घर में यूं ही बतरस  के दौरान अपनों से बातचीत कर पूछिए इस बारे में की हर उम्र के लोग हिचकियों के बारे में क्या सोचते हैं?नै जनरेशन को हिचकियों का तिलस्म मालूम भी है या नहीं!मुझे तो लगता है की इंसान चाहे आयु के किसी भी दौर से गुजर रहा हो जब भी मौत सामने आये रिश्तों की मिठास इतनी गहरी होनी चाहिए की उसमें डूबकर अलविदाई के समय भी हर कोई अपने अजीज से कहे-
                            आखिरी हिचकी तेरे जानू पे आये
                             मौत भी मैं शायराना चाहता हूं
लीजिये बातों ही बातों में दद्दू और मैं तफरीह पूरी कर घर लौट आये.घर के सामने ही उसी बिजली के खम्भे के पास लडखडाता हुआ एक आदमी हिचकियाँ ले रहा होता है .बदबू का तेज झोंका नथुनों से जैसे ही टकराया ,दद्दू ने आलाप लिया," अखबार नवीस !यह हिचकी दारू ज्यादा होने की है या " कोटा " कम पड़ जाने का सिग्नल?"
" मुझे इसकी जानकारी सचमुच नहीं है  दद्दू "  यह कहकर जैसे ही मैं अपने घर में दाखिल होने को था मैंने देखा दद्दू  हिचकियाँ ले रहे थे.फौरन मैंने कहा ," घर जाओ दद्दू लगता है भाभीजी याद कर रही हैं "
                               सुबह सोकर उठता हूँ चाय की प्याली के साथ अखबार के पन्ने पलटने लगता हूँ.अरे!!!! यह क्या !!!मुझे हिचकियाँ आ रही हैं  ." ऐसी भी क्या बात है!!! सच बताइए... कहीं आप मुझे याद तो नहीं कर रहे हैं!!!!!                                                       
                                                                           हिचकियों सहित 
                                                                                                    किशोर दिवसे