गुरुवार, 31 मार्च 2011

नन्ही परी का सुनहरा जिल्द लगा बक्सा ..

Posted by with 5 comments
बेवकूफ कहीं की !इतना खूबसूरत सुनहरा जिल्द तुमने बर्बाद कर दिया... वह भी एक जिल्द लगाने के लिए!" तीन बरस की नन्ही मासूम को उसके पिता ने जोरदार डांट पिलाई .उस मासूम ने सुनहरा जिल्द एक बक्से पर लगा  दिया था.अगले रोज सुबह वह नन्ही परी सुनहरे जिल्द में लिपटा बक्सा अपने पापा के पास लाकर बोली  ," यह आपके लिए है पापा!"
                     उसके पापा पहले तो अपने बेवजह गुस्सा हो जाने पर कुछ पल बगलें झाँकने लग गए लेकिन उस समय उनका पारा फिर भड़क गया जब उनहोंने देखा की वह बक्सा पूरी तरह खाली है.लाल -पीला होते हुए उस बच्ची के पापा ने कहा ," मूर्ख लड़की! तुम्हें इतनी भी अक्ल नहीं है ... यह भी नहीं जानती कि  जब किसी को उपहार दिया जाता है तब बक्सा ख़ाली नहीं रखना चाहिए!" 
                  एकदम डबडबा आई उस नन्ही परी की भोली-भाली आँखे.आंसू भरकर सुबकते हुए बोली ," ओह पापा!यह बक्सा ख़ाली नहीं है.मैंने अपने ढेर सारे चुम्बन इसमें रखे हैं.ये सब सिर्फ आपके लिए हैं पप्पा.!"
उसके पिता का चेहरा लटक गया.उनहोंने " नन्ही सी जान" को अपनी बाहों में लपेट लिया और पूरी नरमी से कहा," प्लीज मुझे माफ़ कर दो बेटी!"
                          कुछेक हफ्ते गुजरे होंगे और वह काला दिन आ गया जिसके बारे में कभी सपने में भी सोचा नहीं था.एक भयानक हादसा हुआ और पप्पा की आँखों के सामने   से वह नन्ही परी आसमान में ग़ुम हो गई.दूर... बहुत दूर...जहाँ से कभी कोई लौटकर नहीं आता.टूटकर बिखर गए पापा के पास अब भी उनके बिस्तर पर वही सुनहरी जिल्द से लिपटा हुआ बक्सा रखा है.जब भी अपनी नन्ही परी की याद में उनकी आँखे सागर  बन जाती हैं उस बक्से में से अपनी नन्ही परी का एक चुम्बन निकालकर देर तक खो  जाते हैं उसकी मीठी-मीठी यादों में.
                                आप और हम सब  इस हकीकत को हमेशा झुठला देते है कि सबके पास ईश्वर और खुदा की एक अनमोल सौगात है.यह वही सुनहरी जिल्द से लिपटा हुआ बक्सा है जिसमें ढेर सारा प्यार है और अनगिनत चुम्बन भी.अपने बच्चों से , परिवार के सदस्यों से ,दोस्तों से और ईश्वरीय शक्ति या सुप्रीम पावर से मिला है यह अथाह प्रेम.
                               अनचाहा, अनचीन्हा और लावारिस सा हम कब तक पड़े रहने देंगे उस सुनहरी जिल्द से लिपटे बक्से को? उसे तलाश है उन सबकी जो - धन कि हवस में बन गए हैं धन पिशाच ,जिस्म की हवस में बन गए हैं मनोरोगी और शराब तथा नशे कि हवस में हो गए है मदहोश.अपने पिटारे में से एक-एक बहाना सांप की तरह निकालकर डराने और भरमाने में माहिर हैं सब लोग.हवस और जूनून के पाजिटिव और निगेटिव फैक्टर को पहचानने क़ी जहमत भी मोल नहीं लेना चाहते !उच्चाकांक्षा क़ी अंधी सुरंग में क्या यह भूलना रत्ती भर भी जायज है कि सुखों क़ी ललक में हममें से कई उन सुखों का भी उपभोग नहीं कर सके जो हमारे पास पहले से ही मौजूद थे.
                             सो, जिंदगी की मेराथन में भागते जरूर रहिए मगर इतना ख्याल रहे कि सपनों के कल्पवृक्ष की ललक में अपने परिवार की महकती अमरैया को जरा भी मुरझाने न दें .यकीन मानिए, हर किसी के पास सबसे अनमोल धरोहर है.वही सुनहरी जिल्द लगा बक्सा जिसमें छिपा है बच्चे... परिवार...दोस्त...और ईश्वर से मिला प्रेम और अनगिनत चुम्बन !जो निःस्वार्थ और निशर्त है .उसी नन्ही परी के चुम्बनों क़ी तरह! या हो सकता है वह नन्हा राजकुमार भी हो!
                                                           अभी बस इतना ही. शुभ रात्रि... शब्बा खैर ... अपना ख्याल रखिए...
                                                                            किशोर दिवसे 
                                                                        

ईमानदार लकडहारा और प्रियंका चोपड़ा ..

Posted by with 4 comments



..आफत कब कौन सा चेहरा लेकर आपके या हमारे सामने आ जाए कुछ नहीं कहा जा सकता.जिंदगी में कई बार यह महसूस भी किया होगा.सुनो एक लकडहारे का किस्सा.नदी के किनारे वह पेड़ पर लकड़ियाँ काट रहा था.अचानक कुल्हाड़ी नदी में गिर गई.लगा जोरों से चिल्लाने.... भगवान नदी से प्रकट हुए और लकडहारे से पूछा," भाई! क्यूं रो रहे हो?लकडहारे ने जवाब दिया ,"मेरी कुल्हाड़ी नदी में गिर गई है.वही मेरा रोजी-रोटी कमाने का साधन थी.
                     चिंतित भगवान्  ने डुबकी लगाई और सोने की कुल्हाड़ी निकालकर पूछा  " यही है क्या तुम्हारी कुल्हाड़ी?  लकडहारे ने जवाब दिया,"नहीं'".भगवान ने   दूसरी बार डुबकी लगाई और चांदी की कुल्हाड़ी  निकाली और पूछा ,"जरूर ये तुम्हारी कुल्हाड़ी होगी" ." नहीं" - इस बार भी जवाब था लकडहारे का .आखिरी बार डुबकी लगाकर भगवान ने जब लोहे की कुल्हाड़ी निकालीऔर लकडहारे से पूछा तब उसने फ़ौरन हामी भर दी.
      ईमानदार था लकडहारा .भगवान ने उसे प्रसन्न होकर तीनों कुल्हाड़ियाँ दे दीं.लकडहारा ख़ुशी-ख़ुशी अपने घर लौटा." दद्दू! इसमें नई क्या बात है ?यह तो हम चौथी क्लास से जानते है." मैंने उनसे कहा.
 यार! वो उस ज़माने की बात है" दद्दू ने मेरा मुह बंद करते हुए कहा की इस स्टोरी  की नई पैकिंग मै तुम्हें सुनाता हूँ, लो सुनो-
               लकडहारा अपनी पत्नी के साथ नदी के किनारे टहल रहा था.अचानक उसकी पत्नी फिसलकर नदी में गिर गई.जब वह चीखने लगा,भगवान फिर प्रकट हुए," क्यूं रो रहे हो भाई?उनहोंने पूछा." हे भगवान!मेरी पत्नी नदी में गिर गई है उसे बचाइए?भगवान ने पानी में डुबकी लगाई जब वे बाहर निकले तब उनके साथ  प्रियंका चोपड़ा थी.." क्या यह तुम्हारी पत्नी  है? भगवान ने लकडहारे से पूछा .
                   हाँ ... हाँ... यईच  है ... फौरन लकडहारे ने हामी भर दी . अब भगवान ठहरे त्रिकालदर्शी.आग-बबूला होकर तमतमाए," तुम झूठ बोलते  हो लकडहारे . यह एकदम गलत है."
" हे भगवान!मुझे क्षमा कीजिए.यही तो आपकी गलतफहमी है.देखिए.. यदि मैंने प्रियंका चोपड़ा के लिए इनकार कर दिया होता तब दूसरी बार आप बिपाशा बासु को निकाल लाते. फिर अगर इनकार करता तब तीसरी बार आप  मेरी  पत्नी को निकाल लाते . तब यदि  मै अपनी पत्नी को देखकर हाँ कहता तब आप खुश होकर उन तीनों को मुझे दे देते.( तीनों कुल्हाडियों की तरह)
       दरअसल भगवान जी! मैं ठहरा गरीब लकडहारा .आप ही ...बताइए इस गरीबी और महंगाई के जमाने में तीन -तीन को कहाँ से पालता?  " क्या कहा भगवान जी?१ प्रियंका और बिपाशा तो करोड़ों कमा रही हैं! " चालाकी  छोडिये  भगवान जी! ...ऐसा सिर्फ  बालीवुड की फिल्मों में ही होता है की रईस लड़की किसी   फाकामस्त से शादी  करती है .  अब समझे भगवान जी! मैंने प्रियंका चोपड़ा के नाम से हामी क्यों भर दी थी? 
? भगवान भी लकडहारे की सूझ पर मुस्कुराये बगैर नहीं रह सके थे.
                         चलिए... कल फिर मिलेंगे... 
                                                      मस्त  रहिए मुस्कुराते रहिए
                                                                                                   किशोर दिवसे 

BUCK UP DHONI BRIGADE!!!!!!!!!!!!

Posted by with No comments
मैच जीतकर मुह मीठा कर लिया.खुशिया भी मना ली. धोनी ब्रिगेड को बधाई....  मोहाली का महायुद्ध ,भारत-पाक सेमीफाइनल किसी भी सूरते हाल में फाइनल से  कम रोमांचक नहीं था. बावजूद इसके खिताबी मुकाबला उतना ही मजेदार होगा  यह भरोसा है.जीत के जश्न में मोबाइल पर किस्म-किस्म के मैसेज आए.पहले तो कंगारू... फिर शेर... अब राम और रावण... मसखरी की कोई  हद नहीं होती.
    यह न भूले की  भारत की जीत तश्तरी में परोसी हुई नहीं मिली है. पाकिस्तान ने रणनीति में चूक की जिसका खामियाजा उसे मिला. पाकी मंत्री  के बयां का मानसिक दबाव दूसरी वजह कही जा सकती है. कोई बात नहीं सचिन कई सेंचुरी न बनी , वे अब भी सर्मौर है. यकीनी तौर पर सहवाग और हमारे कुछ बल्लेबाज क्रीज पर कुछ भरी स्कोर करते तब जीत का मजा दुगुना हो जाता. मिस्बाह और आफरीदी अच्छी तरह जमते तो उनकी टीमके बचने की गुंजाइश थी. खैर खिताबी मुकाबला जो मुंबई में  २ अप्रैल को होगा ,वानखेड़े स्टेडियम की धडकनें तेज कर चुका है .यकीनी तौर पर फाइनल में अपना भारत है  इमोशनल होना स्वाभाविक है पर बेहतर खेल और रणनीति ही जीत की बुनियाद बनती है.  सो,  भारत और श्रीलंका के किरकिटिया जिहाद में हम फिर मिलेंगे . अजय जडेजा की बात सही है,मामला इमोशनल है. हम जीतेंगे टीम के हौसले पर पूरा भरोसा है. फिर भी पिच पर दुश्मन को कमजोर क्यों समझा जाए?     तब तक... बक अप  धोनी ब्रिगेड .... एंड होप  वी विल सी फाइन क्रिकेट एट वानखेड़े .....

शुक्रवार, 18 मार्च 2011

गौरैया बहुत परेशान

Posted by with 4 comments




सच कहू दोस्तों ! मुझे तो याद भी न था की  २० को गौरैया दिवस है. प्रिय मित्र राहुल सिंह  का मैसेज मिला और गौरैया की तरह फुदकने का मन करने लगा. कोई कुछ भी बोले  मेरी तो आदत है, जिस बात की जानकारी मुझे नहीं होती  बस भानमती का पिटारा खंगालने बैठ जाता हूँ.  अम्बरीश श्रीवास्तव, डा. राकेश शर्मा,एन. शैलजा ( मूल तेलुगु और रामचंद्र जनवार की कवितायेँ पढ़कर मजा आ गया. आप भी इसका  आनंद लीजिए. रहा सवाल पक्षी विज्ञानं (ORNITHOLOGY )    से जुडी  सूचनाओ का ,गौरैया  यानि Passer domesticus  पर  ढेर  सारी जानकारियों  का खजाना मौजूद है.चलिए आप फिलहाल  पढ़िए  गौरैया पर हिंदी कविताएँ ----

गौरैया बचाओ!!!! कोई तो आओ !!!!.......... 

आज के परिवेश में एक प्रश्न सभी से .....

 
   इधर उधर 
   फुदकती 
   मन भाती 
   चारों ओर चहचहाती 
   चिरैया 
   आँगन में नृत्य करती
   गौरैया 
   लगता है 
   शायद अब 
   किताबों में ही दिखेगी 
   अमानवीय  क्रूर हाथों से 
   कैसे बचेगी  वो ?
 
   --अम्बरीष श्रीवास्तव
****
ओ गौरैया.....
ओ गौरैया
नहीं सुनी चहचहाहट तुम्हारी
इक अरसे से
ताक रहे ये नैन झरोखे
कुछ सूने और कुछ तरसे से।
फुदक फुदक के तुम्हारा
हौले से खिड़की पर आना,
जीवन का स्वर हर क्षण में
घोल निडर नभ में उड़ जाना।
धागे तिनके और फुनगियां
सपनों सी चुन चुन कर लाती,
उछलकूद कर इस धरती पर
अपना भी थी हक जतलाती।
खो गई तुम कहीं गौरेया
भौतिकता के अंध-जाल में
मानव के विकट स्वार्थ और
अतिवाद के मुख कराल में।
सिमट गई चिर्र-मिर्र तुम्हारी
मोबाइल के रिंग-टोन पर,
हँसता है अस्तित्व तुम्हारा
सभ्यता के निर्जीव मौन पर।
मोर-गिलहरी जो आंगन को
हरषाते थे सांझ-सकारे,
कंक्रीट के जंगल में हो गए
विलीन सभी अवशेष तुम्हारे।
तुलसी के चौरे से आंगन
हरा-भरा जो रहता था,
कुदरत के आंचल में मानव
हँसता भी था और रोता था।
भूल गये हम इस घरती पर
औरों का भी हक था बनता,
मानव बन पशु निर्दयी
मूक जीवों को क्यों हनता।
    डॉ. राकेश शर्मा
****

मुझे एक गौरैया ला दो   ( तेलुगु  कविता )

एन शैलजा
मुझे एक गौरैया ला दो!

नहीं चाहिए मुझे दुर्लभ बाघ

पोलार भालू भी नहीं

चाहिए नहीं सोने का हिरन

अंतरिक्ष का चन्द्रयान भी नहीं!

चाहिए मुझे

एक सजीव गौरैया जो

मन के बन्द किवाडों को

अपनी चोंच से खटखटाकर

मुझे जगाती हैं।

दुपहर की तनहाई के समय

उडते हुए आकर

अपनी चहचहाहट से

कुशल-क्षेम पूछने वाला

गौरैया का वह स्वर चाहिए मुझे।

बूढे माथे की झुर्रियों को

विस्मद मोद का विकास चाहिए।

नजर भले ही क्षितिज पार करे

लापता प्रवास ही तो है जीवन!

दिल में घोंसले में चहकनेवाले गौरैये के लिए

है नहीं थोडी-सी भी जगह!

सच है

जिस घर की ओलती न हो

है वह मेहमानदारी से अनभिज्ञ मन!

जहाँ तक नजर जाती

लम्बी शीशों की गगनचुम्बी इमारतें

जगह नहीं चिडया के घोंसले के लिए

मुट्ठी भर मन के लिए!

अगोचर एस एम एस लहरों के जाल में, फन्दे में फँसकर

घुटते दम की बेचारी भोली गौरैया

है या नहीं पता नहीं

फिर दिखाई पडेगी या नहीं मालूम नहीं!

अपने भीतर हम भी झाँकते तब न

जब हमें मिले फुरसत

कब मिले वह फुरसत कि

हम सोच ले मन टटोलकर

बेचारी गौरैया क्यों गायब है?

जिस घर पर गौरैया नहीं बैठे

वह ऐसे ओंठ-सा है, जैसे

मुस्कुराहट का गीलापन कभी छूता तक नहीं

वह सूखकर दरार पडे तालाब-सा है, जो

प्रवास पक्षी के चले जाने पर गला फाड-फाडकर रोता है

गलत मत मानो

करो पूरी मेरी एक छोटी-सी माँग

मान के बखार पर बैठकर

दाने-दाने को अपनी चोंच से उधेडकर खानेवाले

गौरैयों के समूह को मुझे एक बार दिखा दो!

उडते हुए जीवन के दो क्षणों को

मुझे याद करने दो!
                                                
गौरैया बहुत परेशान
सूखे-सूखे ताल-पोखर
सूने खलिहान
बीघा भर धरती में
मुठ्ठी भर धान
चुग्गा-चाई का कहीं
ठौर ना ठिकान
गौरैया बहुत परेशान
कौन जाने कहाँ गए
मेघों के साए
तपती दुपहरिया
पंखों को झुलसाए
भारी मुश्किल में है
नन्ही सी जान
गौरैया बहुत परेशान
घनी-घनी शाखों पर 
बाज़ों का डेरा
कहां बनाए जाकर
अपना बसेरा
मंजिल अनजानी है
रस्ते वीरान
गौरैया बहुत परेशान
*********** 
गौरैया बहुत परेशान   
(राम चन्द्र जनवार )
सूखे-सूखे ताल-पोखर
सूने खलिहान
गौरैयों के समूह को मुझे एक बार दिखा दो!
बीघा भर धरती में
मुठ्ठी भर धान
चुग्गा-चाई का कहीं
ठौर ना ठिकान
गौरैया बहुत परेशान
कौन जाने कहाँ गए
मेघों के साए
तपती दुपहरिया
पंखों को झुलसाए
भारी मुश्किल में है
नन्ही सी जान
गौरैया बहुत परेशान
घनी-घनी शाखों पर 
बाज़ों का डेरा
कहां बनाए जाकर
अपना बसेरा
मंजिल अनजानी है
रस्ते वीरान
गौरैया बहुत परेशान
 जब खुद को कोई जानकारी न हो तब ज्ञानार्जन  करने और बाटने का ये मेरा अपना अंदाज है .
 काश २० तारीख को पैदा होने वाली किसी बच्ची का नाम भी गौरैया ही रख दिया जाए !आज बस इतना ही
   
     
       
                        किशोर दिवसे 
                                              

 

गुरुवार, 17 मार्च 2011

चुटकी भर गुलाल-1

Posted by with 1 comment
रंग भरे मौसम से रंग चुरा के...
(चौराहे पर मजमा फिट है.बच्चे...जवान और बुजुर्ग ... छोकरे और छोकरियाँ सभी मजमा देखने में फिट हैं.तभी तो उस्ताद का मजमा हिट है भाई! ये मजमा होली के दौरान का है.भीड़ में मौजूदा लोगों के चेहरे से जिद्दी रंग है कि छोड़ने का नाम ही नहीं ले रहे है.दद्दू की दाढ़ी  से चिपके रंग चुगली कर रहे हैं कि होली मनी है.प्रोफ़ेसर प्यारेलाल टी शर्ट में जंच रहे हैं.बाकी सब छोकरे-छोकरियाँ अपने अंदाज में अलहदा तरीके से कपडे  पहन कर मजमे में हैं और उनपर रंग-गुलाल के धब्बे खिलखिलाकर इतरा रहे है.)
उस्ताद-तो जम्हूरे तू तैयार है! करदे मजमा फिट ... उस्ताद हो जाएगा हिट.
जम्हूरे-उस्ताद का सिग्नल मिला और अपुन का डुगडुगी बजाना शुरू.लेकिन उस्ताद एक बात अपने समझ में नहीं आई.!
उस्ताद- वो क्या जम्हूरा?
जम्हूरा- ये सामने डिब्बों में सफ़ेद,लाल, पीला,हरा, गुलाबी,नीला... इतने रंगों का जमघट काहे को लगा रखा है?
               मेहरबानों... साहबानों... कदरदानों...है कोई  माई ( या बाप) का लाल जो यह बताए कि ये रंग यहाँ पर क्यों रखे हैं?
( भीड़ कुछ खामोश है .. खुसुर- पुसुर के बावजूद लोग कन्फ्यूज्ड हैं ) दद्दू दाढ़ी खुजाकर अपने रंगीन शब्द उगलते है.
दद्दू- दोस्तों! होली के दिन ही अपुन के एक चाहने वाले का मैसेज आया था मोबाइल पर. उसके मुताबिक सफ़ेद  रंग-रफ़्तार ,लाल रंग- ताकत,पीला रंग-ज्ञान,हरा रंग- विकास गुलाबी रंग-प्रेम और नीला रंग -सफलता का प्रतीक है.
जम्हूरा- उस्ताद! मेरे कू भी एक मैसेज आया .उसमें अंग्रेजी में लिखा था जो बंटी ने पढ़कर सुनाया था - नीला रंग-गीत का,पीला रंग संगीत का,हरा रंग -नृत्य का लाल रंग  खूबसूरती का सफ़ेद रंग -प्रेम और गुलाबी रंग ख़ुशी जाहिर करता है . वैसे कलर थेरपी और रंगों का विज्ञानं कुछ और तर्क भी बताता है .
( प्रोफ़ेसर साहब ! आप भी तो कुछ तो बोलिए .. .उस्ताद ने जब कालेज के सामने मजमा फिट किया था तब प्रोफ़ेसर से अच्छी जम गई थी क्या!)
    मेहरबानो.. साहबानों.. कद्रदानों ...जम्हूरे की डुगडुगी बजती है )
प्रोफ़ेसर- रंगों के बगैर सब कुछ फीका है सोचो! कुदरत में रंग न होते... रंगों के बगैर कैसे खेलते हम होली?और जिंदगी में अगर मुहब्बत और जिम्मेदारी के रंग ना हों तो ये जिंदगी भी कोई जिंदगी है लल्लू रंग एक-दूसरे के बीच रिश्ता जोड़ते हैं इसलिए जो होली खेलते हैं उनके गालों पर रंग भरी चुटकी और जो रंगों से बचते है या मैसेज भी नहीं देते हैं उनको ठेंगा .. ठेंगा... ठेंगा...!
     भूतपूर्व होलियारों का मजमा जोरदार तालियाँ बजाता है और अचानक किसी के मोबाइल पर एम् पी थ्री गाना बजाने लगता है

होली के दिन दिल खिल जाते हैं....

उस्ताद-जम्हूरे ! इस बार बच्चा पार्टी ने कैसी मनाई होली?
जम्हूरा- छोटे बच्चे भला गीले रंगों से खेलना कहाँ छोड़ेंगे ? जिनकी परीक्षा चल रही थी ऐसे लड़के- लड़कियों ने थोड़ी देर ही सही मस्तियाँ  की. हाँ अब लोग सूखी होली अधिक खेलने लग गए हैं.सभी लोग अब रंगों के खतरनाक प्रभाव से वाकिफ हो गए हैं लिहाजा रंगों से बचना भी जानते हैं.
    एकाएक बाइक पर सवार कुछ बिंदास नवयुवकों की टोली अलमस्त अंदाज में फर्राटा मरते हुए भीड़ के करीब पहुंची और लगी चहकने
             नेताजी लाल है .......
             राशन दूकानदार लाल है... 
              वो जा रहा है वो भी लाल है...
             जो टुन्नी में है वो  भी लाल है!!!!!!!!!!!
इसी बीच एक बेवडा खम्भे से टकराकर चारों खाने चित्त हो गया. कुछ देर बाद एक कुत्ता आया बेवडे का मुंह चाटा
 और सर नीचे कर पिछली टांग ऊपर उठा ली और उसपर....
.मजमें में फिट लोगों की मुण्डियाँ घूमी .पर जैसे ही वे मामला समझ पाते बाइक वाले होलियारों की टोली फुर्र हो गई.भीड़ में से एक अधेड़ को भंग की पिन्नक कुछ ज्यादह चढ़  गई थी .उसने अपनी जेब से एक अंटा निकालकर बाजू वाले साथी को दिया और अपनी ही रौ में अलाप लेने लगा--
                         रंग बरसे भीगे चुनर वाली रंग बरसे
इसी बीच मजमें में फिट लोगों पर दुमंजिले से किसी ने रंग भरी बाल्टी उड़ेल दी.... एक ओर रंगों के अनगिनत गुबार उड़ने लगे... लोग एक-दूसरे को बधाइयाँ देने लगे होली है...होली है... बच्चे मस्त हैं...एक देवर अपनी भाभी के गालों पर गुलाल मल रहा था तो ओम गार्डेन्स के किसी फ़्लैट में एक पति अपनी पत्नी का " रंगे हाथों से " पीछा करते हुए तरन्नुम में गा रहा था " आज न छोड़ेंगे बस हमजोली ..." कुछ बुजुर्गों के माथे पर तिलक लगाकर युवक-युवतियां प्रणाम कर रहे थे. किसी फ़्लैट से ऍफ़ एम् पर आवाज गूँज रही है " मुझे रंग दे.. मुझे रंग दे... रंग दे रंग दे रंग दे....
                                            रात में जली होली अभी दहक रही है.उस्ताद और जम्हूरा अपना तमाशा समेटने  में लगे हैं.और मजमे में फिट लोग लौटने को तैयार.दद्दू ने भी रंगों को आपस में बातचीत करते हुए देखा और खुद भी उनसे बातचीत की.
                             मुझे तो अक्षर भी रंगों के छींटे नजर आते हैं.... कभी रंग तो कभी रंग-बिरंगे फूल.जिनमें छिपे होते हैं कुछ आज और कुछ कल की बीती होलियों के गुदगुदाते हुए पल.देखना कहीं अल्फाजों के ये रंगीन कतरे आपके गालों तक  तो  नहीं  पहुँच गए?दिन में खेली होली के रंग देर शाम तक धुल चुके होते  हैं.अचानक मोबाइल पर फिर एक मैसेज आता है और स्क्रीन पर उभरे शब्द प्यार के रंग बनकर सीधे दिल में उतर जाते हैं
   मेहरबानों... साहबानों... कद्रदानों... उस्ताद का मजमा  ख़त्म हुआ ....
         हम हैं राही प्यार  के ... फिर मिलेंगे चलते चलते ...!!!!!!!!!!!!!
     होली पर आप सब को प्यार... रंग-गुलाल... और मिठाइयो से भी मीठी -मीठी  शुभकामनाएँ   
                                                        मुस्कुराते रहें...           
                                                                                    किशोर दिवसे
                                                        

शुक्रवार, 25 फ़रवरी 2011

कांच के आदमी

Posted by with 7 comments
कांच के आदमी      दरअसल इस शीर्षक की कविता का जन्म एक छोटे से किस्से से हुआ . मेरे एक मित्र स्व. प्रो. रघुनाथ प्रधान चौकसे इंजीनियरिंग कालेज में पढ़ाते थे. अपने आठ साल के बेटे को वे नवभारत प्रेस ,बिलासपुर ला रहे थे. उसने पूछा , " पापा मुझे कहाँ  ले जा रहे हो?" " चल तुझे कांच के आदमी दिखाकर लाता हूँ."  प्रेस में सब लोग कांच लगे हाल में बैठते है.  बच्चे ने प्रेस से लौटते हुए पापा से कहा, पापा ये लोग कांच के आदमी कहाँ  है , मेरे जैसे तो है?" किसी तरह बच्चे की जिज्ञासा  प्रधान सर ने शांत कर दी. पर मुझे जब किस्सा उनहोंने  बताया , मेरे मन के भीतर कुछ कुलबुलाने लगा था. परिणति आप सबके सामने है 
    कांच के  आदमी
------------------
  चलो बेटा मैं तुम्हे दिखाऊँगा
कांच के आदमी 
जिद्दी मासूम को भरमाया
उसके पिता ने कुछ सोचकर
और चल पड़ा वह अबोध
नन्हे हाथों से अंगुलियाँ थामकर
*******
आप झूठ बोलते हो पापा
कहाँ हैं ये कांच के आदमी?
देखो! सब हमारे जैसे हैं
दो हाथ-दो पैर और
एक सर, सो आँखों वाले
साधारण से आदमी!
*******
खीझकर घर लौटा बालक
उलझन में डूबे पिता के साथ
बिचकाकर अपना नन्हा सा मुंह
सवाल अब भी था अबूझ
धरती पर क्या सचमुच होते हैं
कांच के आदमी!
********
सामने एक-दूसरे के अब थीं
दो जोड़ी सवालिया आँखे
नन्ही आँखों में थी उत्कंठा
कहाँ मिलेंगे  कांच के  आदमी!
********
सोच रही थी वयस्क आँखें
कैसे समझाऊँ इस नादाँ को
जो इस युग में सोच बैठा है
" हो सकते हैं कांच के आदमी!
********
सोचने लगा था हैरान पिता
क्या जाने वह मासूम
आदमी ,जब सचमुच था आदमी
तब,कांच की मानिंद थे पारदर्शी
आपके और हमारे मन-मस्तिष्क
जो होता था मन के भीतर
वही उतरता था जुबान पर
क्या वही थे कांच के आदमी?
*********
और आज!!!!!
पेट में रखता है छिपाकर अपने -दांत
कलियुग का सयाना आदमी
शुगर कोटेड  और मिठलबरा
कई सांप-गिरगिट मरते हैंजब
जनमता है आज का आदमी तब
यह उसकी मजबूरी है या प्रारब्ध
" मुख में राम बगल में छुरी!!!!
*****
अरे वह कांच की दुनिया!
बच्चे ,बूढ़े और जवान
कांच के जिस्म थे सब के सब
खूब मुस्कुराया, खिलखिलाया
कितनी सुन्दर है यह कांच की दुनिया!
प्यार और सहजपण जहाँ पाया
अरे वाह!कांच के आदमी!
कांच की दुनिया... अरे वाह!!
*****
टप-टप आंसू पड़े टपक
उस एक जोड़ी वयस्क आँखों से
वे कहने लगी थी मन ही मन
स्वप्न लोक में ही अब दिखेगा
कांच का आदमी!
जीवन संग्राम की धमन भट्टी में
पिघल गया है कांच का आदमी
और चिपट गई मजबूती से
स्वार्थ,लिप्सा और आज के यथार्थ की
अपारदर्शिता हमारे रोम-रोम में
********
छूकर देखा खुद के शरीर को
उस एक जोड़ी वयस्क आँखों ने
ओह! क्या बन गया हूँ मैं
और शायद आज की दुनिया भी!
कांच से बना अर्ध-मानव
क्या लौटेगा फिर वही युग?
सोचने लगा था वह पिता
सवालों के झंझावातों में कही गुम
********
तभी नींद में बुदबुदाया वह मासूम
कांच की दुनिया में डूबता-उतराता
सम्मोहित सा वह नादान
पापा...पापा...पापा...पापा...
देखो... देखो... आपका आधा शरीर
कांच का क्यों है... कांच का क्यों है?
******
इस बार ओंठ मुस्कुराये
फिर टपके आंसू टप -टप
काश आज का इंसान भी बन सकता
कांच का आदमी,कांच का आदमी!!! 


    

रविवार, 13 फ़रवरी 2011

वेलेंटाइन -2

Posted by with No comments
न हारा है इश्क ,न दुनिया थकी है 
दीया जल रहा है ,हवा चल रही है 
चरागों के बदले मकां जल रहे हैं
नया है जमाना ,तो नई रौशनी है 

खुमार बाराबंक्वी के इस अलमस्त मौजूं शेर ने क्या समां बंधा है! वेलेंटाइन  दिवस पर अखबारों में दिलों को कभी गुदगुदाते तो क्स्भी गुस्सा दिलाते प्रेम-संदेशों की लाइनें पढ़कर भरोसा हो गया- नया है जमाना तो नई रौशनी है.नई रौशनी में आइये इतिहास के कुछ पन्ने पलटते हैं.
शुरुआत होती है रोमन सल्तनत से-जूनो के फेब्रुआता ,प्रेमोत्तेजना की देवी के सम्मान में रति या श्रृंगार उत्सव " ल्यूपर्केमिया " मनाया जाता था.कालांतर में इसका रूपान्तर हुआ और " सेक्स का स्थान सात्विक प्रेम ने ले लिया.चर्च ने अगुवा के रूप में एक ब्रह्मचारी संत वेलेंटाइन का चयन किया .वेलेंटाइन के बारे में पहली कथा-सम्राट क्लाडियस -२ का हुक्मनामा ,शादियाँ और विवाह बंधन समाप्त करने का , वेलेंटाइन ने ठुकरा दिया.नतीजतन वेलेंटाइन को मृत्युदंड  दिया गया.सजा-ऍ -मौत से पहले जेल में रहने के दौरान संत ने जेलर की बेटी की आँखें ठीक कर दी .फांसी से एक दिन पहले संत ने उस युवती को पत्र लिखा जो उनके प्रेम में ड़ूब गईं थी.यह सन्देश था,"फ्रॉम योर वेलेंटाइन".
                              वेलेंटाइन  डे का पहला लिखित सन्देश  ड्यूक ऑफ़ ओर्लिएंस ने सन 1415  में लिखा था.कैद के दौरान ये प्रेम सन्देश उसने अपनी पत्नी के लिए लिखे थे.18  वी सदी के बाद प्रिंटेड कार्ड बाजार में आए.आज वेलेंटाइन डे के न्यू मिलेनियम रूप में हम देख रहे है ... गुलाब की कलियाँ...ई-मेल...वीडियो टेप..रोमांटिक सन्देश भरे skrech कार्ड्स.रोमन मिथोलोजी में " क्यूपिड "  प्रेम की देवी वीनस का पुत्र है .ग्रीक मिथालोजी में ईरोस ,प्रेम का देवता ,भारतीय शास्त्रों में समकक्ष प्रतीक कामदेव.
                              हायतौबा मचा दी है वेलेंटाइन डे के नाम से.बुरी तरह छटपटा  रहे हैं  वे लोग जो " प्रेम को सेक्स के लिहाफ से बाहर निकालकर देखना ही नही चाहते.प्रेम आराधना है, पूजा है,इबादत है,फलसफा है,जीवन दर्शन का पवित्र दृष्टिकोण है .इसे नर-मादा के बीच देह भाषा तक सीमित रखना गलत होगा.गंदी नजर तो खुद को संस्कृति का मसीहा समझने वाले स्वयंभू मठाधीशों की है." POLITICS OF INTERPRETATIONS "  के चलते इसे जबरन हौवा बना दिया गया है.
                       दो विपरीत धाराएं समाज में बह रही है.ये शाश्वत सत्य है और रहेगा भी.वेलेंटाइन डे यानी प्रेम पर्व के पीछे मुझे दो मानसिकताएं साफ दिखाई देती हैं.पहली-ग्लोबलाइजेशन का असर.. परम्परावादी  सोच की ऊबाऊ मानसिकता से नई जनरेशन का विद्रोह.दूसरा- मार्केट फोर्सेस द्वारा  प्रेम की भावना का किया जा रहा आर्थिक दोहन... और आस्था और विश्वास की महंगे दामों में  बरास्ता बाज़ार खरीदी और बिक्री.नौजवान दोस्तों के लिए कुछ बरस पहले वेलेंटाइन डे पर " मैंने प्यार किया "जैसी फिल्म का रिलीज होना भी इसके एक बाजारवादी पहलू को इंगित करता है.रोजगार और व्यवसाय वैसे बुरा नहीं हो सकता.
      भर्तृहरि ने कहा है.,'प्रेम देवताओं का गुण है". गाँधी ने कहा है," प्रेम और सत्य एक ही सिक्के के दो पहलू है.". कबीर का फलसफा है               प्रेम प्रेम सब कोई काहे ,प्रेम न चीन्हे कोय
                              आठ पहर भी न रहे प्रेम न हावे  सोय
" प्रेम स्वर्ग का रास्ता है " तोल्स्तोय ने कहा ,फिर उस स्वर्ग की सीधी को सायास कमजोर क्यों बनाया जाना चाहिए.तरस आता है उनकी काम अकली पर जो कहते हैं वेलेंटाइन डे मनाने से हमारी संस्कृति को खतरा है.फूहड़ता, अशिष्टता, अश्लीलता और भोंडेपन का विरोध जायज है पर प्रेम की भावना प्रकट करना जलालत कभी नहीं हो सकता.हमें नजरिया सुधारना चाहिए.वेलेंटाइन डे मनाने  से हम वेस्टर्न कल्चर में ढल जाएँगे यह सोचना मेरी नजर में बेवकूफी है.आप ही बताइये,एक ओर वेलेंटाइन डे का विरोध ... कहने को हमारी संस्कृति इसके खिलाफ है, स्वयंभू मठाधीश  ऐसा प्रलाप करते हैं  .सब जानते है कि  " काम सूत्र " सिर्फ भारतीय संस्कृति की देन है.खजुराहो और कोणार्क .. अजंता के मिथुन शिल्प से क्या हमारी संस्कृति तब या अब खतरे  में पड़ी?हाँ.. प्रेम प्रदर्शन के दौरान मर्यादाओं के पालन पर सोचा जा सकता है .
                             LOVE THY NEIGHBOURS " का फलसफा भी अगर उत्सव में तब्दील हो जाए तो बुरा क्या है?वैसे जिन्दगी के रंग में प्रेम का संग हो तथा आधुनिकता और प्राचीनता का मिश्रण हो जाए तो इसका गुलाबीपन कुछ और सुर्ख हो जाएगा.बाजारवाद के इस दौर में " प्रेम की निर्मलता को बचे रखने की जद्दो जहद के बीच वेलेंटाइन कार्ड लेने-देने वाले मेरे सभी नौजवान दोस्तों के लिए यह शेर पेश-ऍ नजर है-
                                 कुदरत के करिश्मों में अगर रात न होती 
                                ख्वाबों में भी मुलाकात न होती
                                 ये दिल हर ख़ुशी गम की वजह है यारों 
                                 दिल ही न हो तो  तो कोई बात न होती         
                                                                        प्यार के नाम एक पैगाम...
                                                                                         किशोर दिवसे
                                                     

                              

                

शुक्रवार, 11 फ़रवरी 2011

वेलेंटाइन -1

Posted by with 2 comments
मै किस्से को हकीकत  में बदल बैठा तो हंगामा.... !
जींस -टॉप..कार्गो टी शर्ट...फंकी-शंकी लुक वाले  नौजवान छोकरों और बोल्ड ,ब्यूटीफुल और बिंदास लड़कियों से घिरा था मैं.भाई, कुछ भी बोलो मुझे तो आज की नई जनरेशन बेहद पसंद है ... बिलकुल मीठे-नमकीन बिस्कुट फिफ्टी-फिफ्टी या फिर खट्टी-मीठी इमली की तरह.आज के ज़माने में जब हाफ सेंचुरी के करीब या उसके प़र लोग जब नए रंग में रंगने लगे हैं तब जवानी को दिशाहीन ,उच्श्रीन्खल या  दीवानी कहने की फितरत एकदम बकवास है .यकीनी तौर पर समाज के आज या आज के समाज को महसूस करने के बाद बूढों का यह फिकरा ," धूप में हमने बाल सफ़ेद नहीं किए हैं"उन युवाओं की कड़ी चुनौती से जूझता हुआ लथपथ सा लगता है जो " जोश भरे होश "के साथ जिन्दगी जीता है .इसमें गंभीरता के साथ पूरी मस्ती -शस्ती भी होती है ... दिल से !
                           यूं ही सीरियस मुद्दों पर लिखते रहोगे या कभी हमारे साथ मस्ती भी... ! अपने डोले दिखाते हुए " माचो मैन" और एक जोड़ी शैतान शरीर कनखियों की शरारत ने मुझे यह एहसास दिला दिया कि मुहब्बत और करियर के साझा जज्बे को पुचकारती पीढ़ी का मीठा रिश्ता इस पल मुझसे क्या मांग रहा है.
                                  सच कहूं!दद्दू और प्रोफ़ेसर प्यारेलाल जब साथ हो जाते हैं तब किसी भी महफ़िल की रौनक क्या खूब जमती है.हुआ भी यूं...एहसासों का आकाश था... चर्चा के बहाने ही सही अल्फाजों  के परिंदे मुहब्बत की रेशमी डोर  लेकर उड़ने लगे ऊंचे ... और ऊंचे...
                              की कोई दीवाना कहता है कोई पागल समझता है 
                               मगर धरती की बेचैनी को बस बादल समझता है 
यहाँ प्यासी धरती की बेचैनी और बरसने को आतुर बादल की बेकरारी किसकी है यह हर कोई समझ सकता है .लेकिन दद्दू के मन में एक और बात आती है , "मनोविज्ञान में मैंने पढ़ा है की दूरियां प्यार को और बढा देती हैं" " फिर भी दूरियों की मियाद भी तो तय होनी चाहिए ना!" मैंने टोका.उदास खोई सी आँखों वाला युवक गुनगुनाने लगा
                                 मैं तुझसे दूर कैसा हूँ,तू मुझसे दूर कैसी है
                                  ये तेरा दिल  समझता है या मेरा दिल समझता है
दो जोड़ी आँखें जब एक-दूसरे से बिना कुछ काहे सब कुछ कह रही थी तभी प्रोफ़ेसर प्यारेलाल ने कहा ,"प्यार में दिल और दिमाग का सही संतुलन जरूरी है मुहब्बत में  FALL IN LOVE" के बजाए   " RISE IN LOVE" होना चाहिए.खास तौर पर नई पीढ़ी इसे समझ गई ( मुझे लगता है अब अच्छी तरह समझ चुकी है) तब प्यार अँधा नहीं बल्कि तेज आँखों वाला और जिम्मेदार हो जाएगा."
                                  कि मुहब्बत एक एहसासों  की पावन कहानी है 
                                  कभी कबीरा दीवाना था, कभी मीरा दीवानी है
कबीर और मीरा से कम, हीर-राँझा,शीरी. -फरहाद,रोमियो- जूलियट से अधिक वाकिफ एक शोख " हॉट एंड स्वीट " कहने लगी ," सर जी! उनके प्यार को समाज नहीं समझ पाया.मेरी आँखों के आंसुओं को कौन समझेगा कि ये मोती हैं या पानी!"
                                यहाँ सब लोग कहते है कि मेरी आँखों में आंसू हैं 
                                जो तू समझे तो मोती है जो ना समझे तो पानी है      
दद्दू अपनी जवानी का किस्सा बताते हैं," हुआ यूं कि मुहब्बत क़ी राह पर निकल पड़ी थी दो जोड़ी आँखें. तकदीर का फसाना
कहिए कि साथ छूटा और लड़की की शादी हो गई कहीं और.दो बरस बाद अपने बच्चे का परिचय उस युवती ने " देखो मामा आए " कहकर कराया .वापस लौटने के बाद(टूटे दिल वाले नौजवान ने ( उस युवती के पति के लिए) अपनी भड़ास कुछ इस अंदाज में निकाली -
समंदर पीर का अंदर है लेकिन रो नहीं सकता 
ये आंसू प्यार  का मोती है इसको खो नहीं सकता
मेरी चाहत को तू अपना बना लेना मगर 
जो मेरा हो नहीं पाया वो तेरा हो नहीं सकता 
" अब समझदार हो चुकी है युवा पीढ़ी" नौज्वाहों से रिएक्शन लेने जब दद्दू ने उनसे कहा, प्रेम हिंदुस्तान में ऐसा विषय है जिसमें केवल थ्योरी क़ी क्लासेस चलती हैं" इसपर दबी जुबान से खिलखिलाहटें और इशारेबाजियाँ जब हुईं मामला साफ़ था कि वे क्या कहना चाहते हैं.
" सर जी!आज के नौजवान युवक-युवतियां सोच समझकर अपने जीवन साथी का चुनाव करते हैं"- पहला युवक
  "हाँ सर! पेरेंट्स को भी चाहिए कि हम पर भरोसा कर कम से कम हमारी बात तो सुने"-पहली युवती
  " करियर मेकिंग और फियान्सी को अच्छी तरह समझना  हम  कोर्टशिप के दौरान ही कर लेते हैं सर जी!"-दूसरा युवक
" सर जी! इसलिए तो प्रेम विवाह भी अच्छे माता- पिता परखने के बाद अरेंज्ड में बदल देते हैं. कसौटी पर कसना तो हर मामले में पड़ता है "- दूसरी युवती
खोई -खोई सी आँखों वाले उस युवक को देखकर ही लगा था कि वह शायराना तबीयत का नौजवान है.दद्दू, प्रोफ़ेसर और मै, हम तीनों कि अनुभवी आँखें यह जानती थी कि खोया- खोया सा रहना भी प्यार में होने कि निशानी है ( बशर्ते कोई दीगर  मसला न हो.इसी बीच उसने एक पल आसमान की ओर देखा ,फिर अपने साथियों की ओर मुखातिब होकर कहने लगा- "सखी ! प्यार तो मीठा एहसास है ... जूनून और पैशन भी क्योंकि
                    भ्रमर कोई कुमुदिनी पर मचल बैठा तो हंगामा 
                    हमारे  दिल में कोई ख्वाब पल बैठा तो हंगामा 
                    अभी तक ड़ूब कर सुनते थे तब किस्सा मुहब्बत का
                    मैं किस्से को हकीकत में बदल बैठा तो हंगामा 
वाह-वाह .... और सीटियों के स्वर यदि नौजवानों के बीच से नहीं आते तब आश्चर्य होता .प्यार भरी मस्ती में नौजवान टोली हमसे विदा लेती है .लेकिन हमारी नजर में इश्क जिस्मानी नहीं रूहानी रिश्ता है ... इबादत... खुदाई...आतिश-ऍ-ग़ालिब.. राधा ,मीरा और जूलियट का समर्पण है जो रब के लिए सूफीज्म भी बन जाता है.मुसाफिर के साथ रहने वाले क़दमों का निशान है प्यार . पर टीनेजर प्लस की उम्र में तो जिस्म में मचलते है कई तूफ़ान ...और उसपर पहरेदारी  का अंकुश! डैम  इट यार ... चल हम दोनों कही लॉन्ग रन पर चलते है... लवर्स पाइंट ... गार्डन...मल्टीप्लेक्स...किसी रेस्तरां में....  बाइकिंग  करते हुए...मेसेजिंग.... फेसबुक... ओरकट... और भी कई नए शगल ढूंढ लिए हैं   इस जूनून ने!!इस प्यार को सेक्स की आदिम अवधारणा से अलहदा करने पर ही उसकी पवित्र सुगंध का एहसास होता है उसी प्यार का जो जात,उम्र,मजहब,जन्म के बंधन से परे गहराइयों तक समां जाता है सिर्फ दिल क़ी धड़कन में.लेकिन क्या करें कंट्रोल नहीं होता ... कैसे करें!!!!!!!!!!!!!!
                      हालाँकि सीरियस लफ्जों क़ी बजाए अपनी जींस-टॉप ... कार्गो टी-शर्ट ... फंकी-शंकी लुक वाले " तुझमें रब  दिखता है  यारां...: गुनगुनाने वाले मेरे प्यारे नौजवान दोस्तों को यह बात जल्द समझ में आती है क़ी प्यार तो बस हर हाल में निभाना है क्योंकि-
                     इश्क वाले आँखों क़ी बात समझ लेते हैं
                     सपनों में मुलाकात समझ लेते हैं
                   रोता तो आसमान ही है प्यार के लिए
                      पर नादाँ लोग उसे भी बरसात समझ लेते हैं
                                                                                                 एहसास  कीजिए प्यार का....
                                                                                                            किशोर दिवसे
                                                                                         
                   

                         

                                  
                                   


                               

 

सोमवार, 24 जनवरी 2011

गणतंत्र दिवस मनई ले पर क्या जिगर में लगी आग है.

Posted by with 1 comment




लो आ गया एक और गणतंत्र दिवस!मालूम है ,क्या तोप मार लोगे आज के दिन!टीवी या मैदान पर सन्देश और राज्यों के विकास का " अर्ध सत्य "  बताने वाली झांकियां देखोगे?कर्मचारी इस जुगाड़ में होंगे कि कैसे  लगातार और छुट्टियों का जुगाड़ हो जाए.वैसे शुक्र, शनि या सोम ,मंगल को गणतंत्र दिवस आए तो यह जुगाड़ करने की तबीयत और मचल उठती है ताकि दो- तीन दिन की छुट्टी मिल जाए.इलाकेदार नेता चुनिन्दा कार्यक्रमों में अलापेंगे अपनी- अपनी ढपली,अपना -अपना राग.बाकी लोगों के लिए..कुछ नहीं तो आउटिंग,मिलना-जुलना या घर बैठकर आराम...यही होना है.रही युवा साथियों की बात-घूमेंगे -फिरेंगे ,नाचेंगे -गाएँगे ... ऐश करेंगे और क्या!!!
                                       गणतंत्र दिवस ... भारत के संविधान की बुनियाद का दिन. आज के  हालात- कहाँ का गण  और कहाँ का तंत्र! उम्र के हिसाब से सठिया चुके ( माफ़ कीजिए साठ वर्ष से अधिक हो गए इसलिए) गणतंत्र की हालत  आज क्या है ... क्या कभी इस बात पर सोचा गया है?खिसियाकर दद्दू पूछते हैं ," भैये!यह तो बताओ.. गणतंत्र के मायने क्या हैं?मैंने उन्हें टेंथ क्लास के  छात्र की तरह समझाया" गण " यानी BODY OF FOLLOWERS  और " तंत्र"    के मायने हैं RULE OR ADMINISTRATION.गणतंत्र दिवस  या REPUBLIC DAY में रिपब्लिक का अर्थ होता है गणराज्य ,लोकतंत्र या प्रजातंत्र.
                                     " प्रजातंत्र में प्रजा शब्द से क्या सामंती बू नहीं आती ? " दद्दू ने छेड़ने के लिहाज से पूछा." ठीक कह रहे हो ,इसलिए तो अब लोकतंत्र को व्यापक अर्थों में स्वीकार गया है.लोंक अर्थात नागरिक." मैंने जवाब दिया." लेकिन अखबार नवीस... 1950  में ढेर सारे संविधानों की चुनिन्दा खासियतों से बनाये गए हमारे देश के संविधान की समय सापेक्षता को लेकर क्या कुछ ज्वलंत मुद्दों पर बहस नहीं छेडी जानी चाहिए? 1950 और आज2010 के राजनैतिक और समाजार्थिक माहौल में जमीन -आसमान का फर्क नहीं है?
                                           " बात तो ठीक कह रहे हो दद्दू!लेकिन कहाँ कोई इस मुद्दे पर गंभीरता से सोचता है? जनमानस ही जब कुछेक लचर कानूनों की समीक्षा और नागरिकों के दायित्व के मसले पर नहीं खदबदाता ,नीति निर्धारकों के कानो पर भला क्यूं कर जूं रेंगेगी?" अब आप ही बताओ दद्दू सच्चे लोकतंत्र के लिए जैसे " लोंक " चाहिए जैसा " तंत्र" चाहिए जैसे " नेता चाहिए  क्या आज हैं?बीते पांच वर्षों में जितने घोटाले हुए ,मीडिया ने जितने भ्रष्टाचारियों के नाम उछाले क्या किसी पर भी जवाबदेही तय की गई. चाहे व्यक्ति पर हो या सरकार पर जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी  यह देश भाड़ बनता रहेगा.    
                                                                                      गांधी,नेहरू,सुभाष,पटेल शास्त्री , जैसे जमीने स्तर के नेता 
 और दीगर  क्रांतिकारियों के फलसफे पर अमल होने की क्या कोई उम्मीद की जा सकती है?वह पीढ़ी अब पुस्तकों  तक सिमट गई है.पार्टियों की बेशर्म नूरां कुश्ती का तमाशा जगजाहिर है.शहीदों की याद दिलाने वाले गाने हड़ताली पंडालों में ही सुनाई दे जाते है.आधुनिक भारत की बुनियाद के दौर में बीसवी सदी के कुछ नेताओं ने अवश्य ही देश को विकास की रौशनी दी पर आज देश की हालत डा. हनुमंत नायडू के शब्दों में
                                     सपने बिछाके  दो-चार ओढ़कर ,सोता है देश देखिए सरकार ओढकर 
                                     भाषण छपा है देश में खुशियाँ बरस रहीं ,लेटे है खाली पेट हम अखबार ओढकर 
गणतंत्र दिवस पर यह सोचा जाना चाहिए की विकास की रौशनी से सुदूर गाँव ला गरीब कब तर-बतर होगा!जहाँ तक नेताओं का सवाल है जमीरी (जमीर वाले ) और जमीनी दोनों ही स्तर के नेता अब दुर्लभ हो चुके हैं.यह सोच का बिंदु  है क्योंकि _ "आज की राजनीति की रम्भा ,दिल कहीं,दलबदल रही है कहीं".
                                       खून  करते हैं वे नकाबें और दास्तानें पहन 
                                        जुर्म को अपने छिपाने में कुशल अत्यंत हैं.
वाकई जुर्म को छिपाने में उनकी कुशलता काबिल -ऍ-तारीफ़ है.इसलिए तो पहले के नेता जमीन दान ( भूदान) करते थे और आज के नेता भू-माफिया के साथ मिलकर या स्वयम बनकर भूमि डकार जाते हैं...या अनाप-शनाप रेट हासिल कर लेते हैं.डा. अर्बनात ने कहा  है, ALL POLITICAL PARTIES DIE AT LAST OF SWALLOWING THEIR OWN  LIES "जो कुछ तो सच है पर यह भी सच है कि देश का काफी पैसा नौकरशाह और सरकारी अफसरों के भ्रष्टाचार की भेट चढ़ रहा है.
                                    दद्दू  ! गणतंत्र दिवस मनाते हैं हम सब लेकिन आज तक क्या जिम्मेदार नागरिक बन सके हैं?दूसरी ओर नागरिक सरकार पर निर्भरता अपना अधिकार  समझते हैं लेकिन अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह गैर-जिम्मेदार हैं.क्या शहर की साफ़-सफाई,बेतरतीब यातायात ,प्रदूष्ण ,कार्यालयीन भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जनता  की कोई जवाबदेही नहीं?महंगाई, व् राजनैतिक घोटालों पर जानता की आवाज बुलंद नहीं होनी चाहिए?लोग अपने -आपमें इतने आत्म केन्द्रित हो गए हैं के गंभीर मसले पर सोचने पर मजबूर नहीं होते कि-        
      क्या हो रहा ही सड़कों पे रात-दिन ,लोगों निकल के देखो आरामगाह से 
जिम्मेदार नागरिक बनना जरूरी है.देश के कुछ सड़े हुए सिस्टम  में तबदीली लाने करप्शन फ्री बनाने प्रत्येक नागरिक को नैतिक मूल्य जीवित रखने होंगे बैड गवर्नेंस को गुड गवर्नेंस ( अखबारी रिपोर्ट नहीं, हकीकत में बदलने ईमानदार जन-भागीदारी आज की अनिवार्यता है.
                           बहरहाल, आज तो गणतंत्र दिवस मनई  ले...पर याद रहे बदहाली का खुशहाली में कायाकल्प करने हरेक के जिगर  में देश के प्रति स्वाभिमान की आग जलनी चाहिए.भरोसा ही कि वो सुबह कभी तो आएगी पर जरूरत है अलख जगाने वाले, मशालों से लैस अनगिनत हाथों की .
                                                             गणतंत्र दिवस क़ी शुभ कामनाएँ
                                                                             किशोर दिवसे 
                                                                             
                                       

मिले सुर मेरा तुम्हारा ,तो सुर बने हमारा...

Posted by with No comments
आज  एकाएक टीवी चैनल पर जब पंडित भीम सेन जोशी के निधन की खबर सुनी .आंखों के सामने उनकी  गीत -संगीत यात्रा चल-चित्र की तरह घूमने लगी.अपनी रूचि के अबूझ पहलुओं को जानने -समझने की उनकी ललक कभी कम नहीं हुई बल्कि सदा बढती ही रही.पंडित जोशी को प्यार से "संगीत का हाई कमिश्नर " कहा जाता था.जीवन और संगीत में उनकी खोजी प्रवृत्ति अनथक जारी रही.होनहार बीरवान के होत चीकने पात- जब तीन बरस के थे पहली बार घर से भागे और मस्जिद के सामने बैठ गए.मुइज्जन की अजान- अल्लाह हो अकबर के अल्फाजो में छिपा संगीत तलाश रहे थे. फिर मंदिरों में गाने वाली भजन मंडलियों और बारातों में गीतों की धुनें भी गहराई से सुनते रहे.उनके भाग  जाने की आदत से परेशां होकर उनके पिता गुरुराज जोशी ने कई बार पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई  . हर बार कोई बन्दा नन्हे भीम को घर लाकर छोड़ देता था.
    ग्यारह बरस की उम्र में भीमसेन फिर घर छोड़  कर भाग गए- वजह थी मां उसे घी-चावल परोसने की हैसियत नहीं रखती थी.भीमसेन की जिन्दगी का यह जबरदस्त मोड़ था.नजदीक की चाय दूकान पर किराना घराने के उस्ताद  अब्दुल करीम खान साहिब का राग झिंझोटी में आबद्ध कोई ग्रामोफोन रिकार्ड सुना और ट्रेन पर बेटिकट ही सवार हो गए.मुसाफिरों से भीख मांगते किसी तरह तीन महीने में अपने गाव कर्नाटक के गदग जिले के रान से पुणे, मुंबई होते हुए ग्वालियर पहुंचे. आख़िरकार उस्ताद करीम (1936 ) से मुलाकात हो ही गई.गुरु-शिष्य परंपरा में पक्का भरोसा रखने वाले पंडित जोशी  कहते थे,"पहले किसी गुरु से सीखना और फिर उसमें अपना हुनर समाहित करना जरूरी है तभी कोई मजबूती से अपनी बात कह सकता है.अपनी संगीत यात्रा के दौरान  किराना   घराने  के परम्परावादी होकर  भी दीगर घरानों के लिए अपनी सोच को उन्होंने पूरी तरह खुला रखा.
       पंडित  भीमसेन जोशी अक्सर कहा करते थे की खुद को दूसरे दर्जे का नकलची बनाने की बजाए अपने गुरु का पहले दर्जे का सुधारक बनना चाहिए. जयपुर के संगीतग्य मल्लिकार्जुन मंसूर और केसर बाई केरकर के प्रति गहरी आस्था उनमें थी.केसर बाई ने एक बार टिप्पणी भी की थी ,: मै जानती हूँ के तुमने मुझसे काफी -कुछ चुरा लिया है.उनके संगीत ने अनेक पहलुओं को उकेरा जिनमें चिन्तन ,मनोरम,अंतर ज्ञान मूलक और अतार्किकता  थी.असफलता के तीव्र अंदेशे को  उन्होंने  कभी अपनी  ललक पर हावी नहीं होने दिया. इसलिए वे किराना घराने के एकमात्र गायक हैं जिन्होंने राग रामकली पर अपनी जिद दिखाई.पंडित भीमसेन ने अपने संगीत में उस्ताद करीम खान,सवाई गन्धर्व ,रोशन आरा बेगम सहित अनेक विभूतियों को जिन्दा रखा.
 1936  में पंडित भीमसेन सवाई गन्धर्व( पंडित राम भाऊ  कुन्दगोलकर ) के शिष्य बन गए थे.गंगू बाई हंगल भी सह-शिष्य थी. वे घर का काम करते और संगीत भी सीखते. 1943 ,में  वे मुंबई पहुच गए और 19 साल की उम्र   में रेडियो  आर्टिस्ट बनकर कन्नड़ और हिंदी गीत गाए .ख्याल,मराठी भजन, अभंग गायन में उन्हें महारत थी.उनको मिले अवार्डों में -पद्मश्री (1972),संगीत नाटक अकादमी अवार्ड(1976),नेशनल फिल्म अवार्ड(1985),पद्मभूषण(1985),पद्मविभूषण(1999),आदित्य विक्रम बिरला अवार्ड(2000),कला   शिखर पुरस्कार(),महाराष्ट्र भूषन(2002,कर्नाटक रत्न(2005),भारत रत्न(2008), लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड दिल्ली(2009),नारायण स्वामी अवार्ड बेंगलूरू (2010)प्रमुख रहे.
पंडित भीमसेन जोशी के बारे में सारी जानकारियाँ किसी एक लेख में समाहित करना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है. उनकी संगीत यात्रा " हरी अनंत, हरी कथा  अनंता" है . फिर भी उनका गायन सुनकर तन- मन झूमने लगता है .उनके प्रसिद्द हुए रागों में-सुधा कल्याण,मियां की तोड़ी,पुरिया धनश्री ,मुल्तानी,भीम पलासी,और दरबारी है.उन्होंने बसंत बहार ,बीरबल माई ब्रदर,नोदी  स्वामी नावु इरोधू हीगे,तानसेन तथा अनकही फिल्मो में गीत गाए.हालिया समय में लोगो को उनका गाया " मिले सुर मेरा तुम्हारा  .. तो सुर बने हमारा ...(1985  वीडियो ) बरबस याद आ गया होगा. पंडित भीमसेन जोशी को इस लेख के माध्यम से संगीत साधकों की ओर से श्रद्धा सुमन. उनकी संगीत  साधना के सुर हमारे बीच अमर रहेंगे.
                                                                  किशोर दिवसे