रविवार, 14 नवंबर 2010

घूंघट के पट

Posted by with 5 comments
औरत के अक्स से क्यूँ चटखता है आइना

अपनी श्रीमती जी की झिडकी का चार सौ चालीस वोल्ट करंट लगते ही दद्दू भकुआ गए थे .झोला उठाया और बृहस्पति बाज़ार का सब्जी मार्केट जाने से पहले आदतन काफी हॉउस की झड़ी लेने टपक पड़े.बतर्ज अंधे को क्या चाहिए ,दो आँखे!दद्दू को देखते ही हम हो गए बल्ले-बल्ले और शुरू हो गया बतरसिया दौर .
"यार अखबार नवीस !नारी पहले अबला समझी गई फिर सबला बनी और आज !"बला... मैंने दद्दू को टोककर फुसफुसाते हुए कहा,"भाई...काहे ओखली में मेरा सर डालने वाली बात करने को उकसा रहे हो?
                   "खैर छोडो...अखबारनवीस ! पुणे में पिछले साल और इस साल भी "रेव पार्टी " से गिरफ्तार किए गए नशेद्ची नौजवान युवक-युवतियों के  अभिभावकों के होश फाख्ता हो गए थे उस वक्त."देखो दद्दू!दो तीन बातें इस घटना से जुडी हुई हैं.पहले तो पुणे और बेंगलोर इन दिनों नई जनरेशन के सबसे पसंदीदा भाग्य विधाता शहर बने हुए हैं दूसरी बात ,बहाना भले ही इन्टरनेट की दुनिया ने ,"क्रेजी किया रे" का बताया है लेकिन अभिभावक खास तौर पर माँ (जिसे प्रथम संस्कार दात्री कहा गया है )की क्या अहम् जिम्मेदारी नहीं की वह बच्चों के मन को इतना संस्कारित करे की वह पश्चिमी बवंडर की  बुराइयों से खुद को बचा सकें!नारी तुम श्रद्धा .... तुम देवी रूप जैसे घिसे-पिटे जुमलों को हाशिए पर रखकर अब ग्लोबलाइजेशन के दौर में पुरुष के समकक्ष अपसंस्कृति की रक्षा का परचम बरदार नारी को बनाना होगा, यूँ कही यह जिम्मेदारी उसे भी समझनी होगी.
                       तिजारत में ये क्या जोर आजमाइश हो रही है
                       सरे बाज़ार औरत की नुमाइश हो रही है 
ऐसे फलसफे को आज के अल्ट्रा-माडर्न युग में दकियानूसी कहकर कुछ लोग ख़ारिज कर सकते हैं.अंतर राष्ट्रिय महिला दिवस  मनाने  की रस्म अदायगी के मौके पर किटी पार्टियों की नकचढ़ी बकवास के कोहराम में जिन्दा मुद्दों की छटपटाहट  को नक्कारखाने में तूती की आवाज बनते देखना आज की नारी को झिंझोड़ता क्यूँ नहीं?
                       धर्म की आड़ में देवदासियां बनाकर कन्याओं को देवार्पित करने का दुश्चक्र अब ख़त्म हो गया है .हो सकता है चोरी छिपे चलता भी होगा. फिर भी उच्चा कान्क्षाओं और धन की हवस मिटाने काली लक्ष्मी की आराधना करने जिस्म.,जमीर या आबरू के सौदागर और खरीददार और समर्पिता  भी अगर नारी ही बन्ने लगे तब भी नारी समाज के लिए जनचेतना का इससे बड़ा सुनहरा अवसर और कौन  सा होगा?
                            "लेकिन अखबार नवीस उत्तर आधुनिक समाज के आईने में नारी की छवि का एक उजला पहलू भी है.नारी सशक्तिकरण ,पुरुष के समकक्ष और कई क्षेत्रों में उससे भी आगे निकल जाने के रचनात्मक रिकार्डों की सूची ने यह भी साबित कर दिया है क़ि युवा ही नहीं किसी भी उम्र क़ी महिला  नई नजीर पेश कर खुद बेनजीर बन गई है.
                          दद्दू!बावजूद इस उजली छवि के आज भी हमारे  समाज में अनेक समस्याओं के यक्ष प्रश्नों ने नींद हरम कर रही हैजैसे-नारी भ्रूण हत्या ,स्त्री-पुरुष अनुपात ,जच्चा -बच्चा मौतें ,साक्षरता ,स्वास्थ्य शिक्षा ,नशा व् शराब खोरी ,दरकते रिश्ते और टूटते परिवार ,सामाजिक कुरीतियाँ और हद दर्जे का अंध विश्वास आदि -आदि .हालाँकि इनपर सोचा जा रहा है पर भागीदारी बेहद कमजोर है जिसके लिए नई पीढ़ी क़ी युवतियों को भी आगे आना होगा ताकि दलित वर्ग ही नहीं वरन समग्र नारी समाज क़ी आर्थिक रीढ़ मजबूत बने
                     तेरे माथे का आँचल तो बहुत खूब है लेकिन
                     इसे परचम बना लेती तो अच्छा था
"अखबार नवीस !महंगाई का जमाना है - पति-पत्नी दोनों को कामकाजी होना जरूरी है.ऐसे में होम मेनेजमेंट कितना  कठिन हो जाता है""दद्दू... पहले नारी अपढ़ थी पर आप जानते हो दादी-नानी कितनी कुशल थी घर का बजट बनाने में .हालाँकि नए दौर क़ी नई समस्याओं का समाधान भी मिल-जुलकर आसानी से हो जाता है पर यह दो- टूक सत्य है क़ी पुरुष क़ी बनिस्बत स्त्री अधिक संवेदनशील है.कतई कमजोर नहीं.."
"कमजोर!बल्कि पुरुष से कई मायने में उन्नीस नहीं बीस है.चाणक्य नीति में कहा गया है क़ी (पता नहीं आप सहमत हैं या नहीं )                      स्त्रीनाम द्विगुण आहारो बुद्धिस्तासाम चतुर्गुना
                             साहसं षड्गुणं चैव कामोश्त्गुन उच्यते
(पुरुषों क़ी अपेक्षा स्त्रियों  का आहार दोगुना होता है.बुद्धि चौगुनी,साहस छः गुना और काम वासना आठगुना होती है.)
"छोडी ... नए युग में मान्यताएं भी समय -सापेक्ष हो जाती हैं.पर एक बात सच है कि महिलाओं के ढेर सारे  संगठन गाँव और शहर तथा महा नगर के स्तर पर बने हैं .फिर भी सूचने क्रांति कि आंधी के दौर में नारियां अपने ही समाज के प्रति उदासीन हैं या यूँ कहिए उन्हें (खास तौर पर युवा पीढ़ी को )सकारात्मक आंधी बनाने कि फौरी जरूरत है .अब पुरुष समाज के सर पर यह कहकर ठीकरा फोड़ने से काम नहीं चलेगा कि-
                         लोग औरत को फकत जिस्म समझ लेते हैं
                        रूह भी होती है उसमें ये कहाँ सोचते हैं?
                                                                                       अपना ख्याल रखिए.....
                                                                                        किशोर दिवसे
                                                                                      
                      

गुरुवार, 11 नवंबर 2010

संगीत का करिश्मा

Posted by with 1 comment



तेरे मेरे ओठों पे ,मीठे-मीठे गीत मितवा 

*जिस इंसान के भीतर संगीत नहीं ... मीठी धुन से जो स्पंदित नहीं होता वह मुर्दा दिल ,बेजान छला जाने वाला तथा विश्वासघात करने लायक है-शेक्सपीयर 
*जिस गीत को गाने मै इस धरती पर आया हू वह आज तक अगेय है सारा जीवन मै अपने वाद्य यंत्र के तंतुओं को ही तालबद्ध करता रहा-रविन्द्र नाथ टेगोर 
*संगीत, अध्यात्म और संवेदना से भरी जिंदगी की मध्यस्थ कड़ी है -बीथोवेन 
 "पुराने ज़माने में राजा-महाराजाओं के दरबार गीत-संगीत की महफ़िल से गुलजार क्यों रहा करते थे?शौक ... रुबाब या तनाव दूर करने का तरीका था यह?
"भाई दद्दू!उनकी बात तो वे ही जानें पर एक बात तो सच है कि अंग्रेजी कि कहावत पर यदि गौर करें तो यही कहा गया है कि "आ हेड विथ क्राउन इज रेस्टलेस " यानी राजा का तनाव वही जान सकता है.तब हो सकता है किउनके लिए भी गीत-संगीत तनाव मुक्ति का जरिया हो!
राजाओं क़ी बातें तो अब बीते ज़माने क़ी हुई जो अब इतिहास क़ी पुस्तकों के पन्नों पर हैं लेकिन आज तो भैये जिंदगी का दूसरा नाम ही टेंशन हो गया है .
                             "जिधर देखो भाग-दौड़  क़ी जिंदगी में एक ही बात हर किसी का तकिया -कलाम टेंशन है!" दद्दू इसका खुलासा करते हुए कहते हैं,"बच्चों को पढाई का ...पुरुष को नौकरी का..बिजनेसमेन को धंधे का...महिला अगर कामकाजी हो तब दफ्तर -घर दोनों जगह का और गृहिणी हो तब घर का तो है ही.परिवार में रिश्तेदारी का ... किसम-किसम के टेंशन अनगिनत... लेकिन इनसे निपटने के तरीके भी ढेर सारे हो गए हैं.
                               आपसे पूछूँगा तो सिनेमा,टीवी ,पिकनिक ,आउटिंग,खेल,पेंटिंग आदि लाइन से गिनने लगेंगे.लेकिन सबसे नायब तरीका है गीत-संगीत.बिलकुल जरूरी नहीं कि आपकी आवाज किशोर कुमार ,लता आशा या आज के दौर के किसी पार्श्व गायक / गायिका क़ी तरह हो.आप अव्वल दर्जे के बाथरूम सिंगर बन जाइए ,तनाव मुक्त होने लगेंगे.
                               थकान से चूर हैं ? रेडिओ प़र गाने  सुनिए ,टेप-सीडी पर गीत-संगीत सुनिए अपनी पसंद का .गायब हो जाएगी सारी थकान.आजकल बच्चों को देखा है कंप्यूटर पर लोड किए हुए गाने लगाकर पढ़ते रहते हैं .हमारे ज़माने में कस के डांट पड़ जाती थी.लगता है गीत-संगीत के बीच पढाई के भूत का भय क्म हो जाता होगा, तनाव क्म महसूस  करते होंगे छात्र . .    "संगीत पैगम्बर का करिश्मा है,धरती का विप्लव और व्याकुलता ... यह खुदाई सौगातों में नायब और बेनजीर तोहफा है "लूथर ने संगीत क़ी इन शब्दों से पूजा क़ी है.कोयल क़ी कूक ... मैना क़ी सुरीली आवाज .. तोते क़ी टें टें.. झरनों क़ी कल कल ... पत्तों क़ी सरसराहट ... बैलों के गले में लटकती घंटियों क़ी ध्वनी ... गोधुली में लौटते मवेशियों क़ी पदचाप ... प्रकृति के रोम-रोम में गीत- संगीत समाया है.इसलिए प्रकृति तनावमुक्त है और उसके सहज संगीत से छेड़खानी करने वाले हम सब इतने तनाव और अवसाद से भरे हुए.ख़ुशी-गम,करुना-उल्लास ,कामेडी ,गीत-संगीत हर मूड का है.यह तनाव से आहत क़ी राहत है.आप तनाव में हैं?किसी नन्हे बच्चे क़ी खिलखिलाहट सुन लीजिए ... ऐसा लगेगा मानो सैकड़ों बांसुरियों से एक साथ सरगम गूंजने लगे हैं..लगा दीजिए अपने माँ को भाने वाला कोई संगीत यूँ लगेगा जैसे मन क़ी धरी पर लगी अमरैया में  गूँज रही है कूहू... कूहू.!किसी जल धारा क़ी कल-कल या पायल क़ी छम-छम...!
              देखा नहीं,पढ़ा और सुना है क़ी तानसेन के संगीत में ऐसा जादू था क़ी दीपक राग अलापते ही दीप जल उठते थे अथवा मेघ मल्हार क़ी तन छेड़ते ही टप...टप.टप ..टप...वर्षा क़ी फुहारें होने लगती थीं.पर बात कहीं गलत नहीं लगती.खास तौर पर ऐसे वक्त जब गीत-संगीत "थेरपी"यानी इलाज का एक कारगर साबित होने लगा है.
          अभी उस रोज पप्पू बता रहा था अपने दोस्त को,"अबे आजकल विदेशों में और शायद भारत में भी डेयरी में भैसों को दुहने से पहले एक विशेष संगीत लगाते हैं जिससे वे अधिक दूध देती हैं.खेतों में भी संगीत के जरिए पौधों का विकास अधिक देखा गया है.दफ्तरों  में भी धीमा संगीत कार्यक्षमता को बढ़ता देखा गया है."
      अरे भाई जिसे जो पसंद है वो गए और सुने.बस... को अच्छा लगना चाहिए.कोई भी संगीत बुरा नहीं है.शास्त्रीय,पश्चिमी,जाज रैप म्यूजिक ... सब का अपना ध्वनी शास्त्र है.और प्रभाव क्षमता भी.सवाल यह है कि किस व्यक्ति की मेंटल फ्रीक्वेंसी के साथ कौन सा गीत या संगीत तारतम्य बिठा पाता है 
                दद्दू बीच में टोककर बोले,"छत्तीसगढ़ में भी तो एक से एक बढ़कर संगीतकार हैं वे संगीत थेरपी पर क्यों शोध नहीं करते?राग आनंद भैरवी में निबद्ध गीत हृदय रोग  विशेषकर उच्च रक्त चाप के मरीजों पर लाभदायक सिद्ध हुए हैं.राग यमन का विशिष्ट प्रभाव वात,पित्त  एवं  कफ़ के दोषों पर स्पष्ट है.खैर.. यह तो दूर कि बात है लेकिन गीत-संगीत तो सुनना अपने बस में ही है ना!तब तो आज से ही जब भी फुर्सत मिले खूब गाइए... मन पसंद गीत सुनिए ... सुनाइए .शेख सादी ने कहा है संगीत का दूसरा नाम संजीवनी है.यह भी कहा गया है कि जिस मनुष्य की आत्मा में संगीत नहीं है उसका विश्वास मत करो.
                   गीत-संगीत कि दुनिया से जुड़ने के लिए दोस्तों ... कोई पहाड़ नहीं तोडना है.बैठ जाइए परिवार के जितने भी सदस्य हैं एक साथ (समय आप तय कीजिए )और हो जाइए  शुरू 
                                   समय बिताने के  लिए करना है कुछ काम
                                    शुरू करो अन्त्याक्षरी लेकर प्रभु का नाम.
   चलो!"म " अक्षर से सुनाओ अब कोई गाना!!!!!!
                                       शब्बा खैर... शुभ रात्रि... अपना ख्याल रखिए.
                                                      

                   किशोर दिवसे     ई मेल     kishore_diwase@yahoo.com


















बुधवार, 10 नवंबर 2010

.क्षितिज की कसक

Posted by with 1 comment
अब तक है जलजले में जमीं आसमान की

क्या क्या हुआ है  जुनूं में हमसे न पूछिए
उलझे कभी जमीं से कभी आसमान से हम
दरअसल जिंदगी ही अपने-आपमें एक बेहद खूबसूरत जुनूं है .ये अलग बात है की कभी ख़ुशी कभी गम के दौर में आप और हम कभी जमीं तो कभी आसमां से उलझने लग जाते हैं.और अगर ना भी उलझे तो यकीन मानिए इस जिंदगी का जमीन और आसमान से बेहद करीबी रिश्ता है.
                 अपने दद्दू इस मसले की लट को यूँ सुलझाते हैं ,"अखबार नवीस !वैसे भी यह कहा जाता है की हर कोई इंसान जो आसमान में उड़ता है उसे अपनी जमीन कभी भूलनी नहीं चाहिए क्योंकि-
                   शोहरत की बुलंदी पल भर का तमाशा है
                    जिस शाख पे बैठे हो वो टूट भी सकती है
चलना भले जमीन पर लेकिन ख्वाहिशें आसमान की बुलंदियां छूने की जरूर होनी चाहिए.खुद का हर लिहाज से आंकलन कर अपनी महत्वाकांक्षा पूरी करना ही आसमान छूने की जिद कहलाता है.जमीन से अपने लक्ष्य के आसमान को हासिल करने के सफ़र में रुक जाना ही सपनों की मौत है .इसलिए अपनी जमीन मजबूत बनाकर नए आसमान की हर पल तलाश आज की जरूरत है.
                कभी कभी किसी इंसान का कद आसमान की तरह होता है .मगर वह यूँ सर झुके होता है की किसी को उसके कद का अंदाज ही नहीं हो पता है.और हाँ,अपनी जमीनी सचाइयों को न भूलने की बात इसलिए भी चेतावनी के तौर पर कही जाती है क्यूंकि                      मिली हवा में उड़ने की ये सजा यारों
                                 की मैं जमीं के रिश्ते से कट गया यारों
आखिर नौबत ही क्यों आए ऐसी?जब जमीनी मसलों की बात की जाती है ,वो मसले जो घर -परिवार ,रोजमर्रा की जिंदगी और प्रोफेशन से भी जुड़े होते हैं तब आसमान में उड़ने वालों से भी ये अपेक्षा की जाती है कि वे सही  जमीनी सचाइयों का अहसास करें, कुछ इस अंदाज में -    
                                          तुम आसमान की बुलंदियों से जल्दी लौट आना
                                         हमें जमीं के मसएल पर बात करनी है
मसलों पर अगर समय रहते बात नहीं होगी तब वे नासूर बन जाएँगे.हकीकत में जमीनी मसलों पर सही वक्त के सही फैसले नहीं लेने की वजह ही हमें आसमान छूने के लिए होने वाली मेराथन रेस में पीछे कर देती है.कुछ लोगों की बात अलग है जो जमीं पर भी सलीके से नहीं चल सकते लेकिन डींगे मरने के नाम पर आसमान छूने की बात करते हैं .मगर अपना आत्म विश्वास ऐसा होना चाहिए की हम जोश से कह सकें -
                                       मैं आसमान-ओ- जमीं की हद    मिला देता
                                        कोई सितारा अगर झुक के चूमता मुझता
कोई न कोई सितारा जरूर चूमेगा ... वक्त आने पर!लेकिन आपने कभी जमीन की कोख से निकलते चश्मों (जलधाराओं ) को उबलते हुए देखा है?जमीन से उबलते इन चश्मों को देखकर कहा जाता है-
                                         जमी का दिल भी किसी ने यकीनन तोडा है
                                         बिला सबब तो ये चश्मे उबल नहीं सकते!
छोडी उबलते चश्मों की बात,कभी किसी आबो-हवा में जहर घुला होता है ,ऐसे हालात में फ़ौरन नई जमीन और नया आसमान तलाश करें.पर जब जूनून जवानी के जोश का हो तब किसी के लरजते हुए ओठों ने अगर किसी का नाम लिया तब मुहब्बत के ख्वाबों में दिल यूँ उड़ने लगता है मानों कह रहा हो ,"मुझे जमीं ने चूम लिया, आसमान ने थाम लिया.  धडकते हुए दिल कूकने लगते हैं -               उतर भी आओ कभी आसमान के जीने से
                            तुम्हे खुदा ने हमारे लिए बनाया है
"यकीनन खुदा ने जमीन और आसमान हमारे लिए ही बनाए हैं" दद्दू कहते हैं ,"अपनी काबिलियत की जमीन और लक्ष्य के आसमान में सही संतुलन ही कामयाबी की आतिशबाजियां दिखलाता है."
"ठीक कह रहे हो दद्दू " मैं उनसे विदा लेते हुए कहता हौं ,"एक अख़बार नवीस इतना वायदा जरूर कर सकता है -
                           कलम की नोंक से मैं आसमान छू लूँगा
                           मुझे जमीन पे रहने को एक मकां तो दो!
                                                   मुस्कुराते रहिए....
                                                                                      किशोर दिवसे

                              

अगर तुम....

Posted by with 1 comment
मेरे बच्चे तुम भी बन जाओगे एक इंसान ...!

कोई मजहम ऐसा भी यहाँ चलाया जाए 
जिसमें इंसान को इंसान बनाया जाए 
 सोलह आना सच कहा है कवी नीरज ने .दो टूक ऐसी बात जो नीम सच है  और एकदम सामयिक भी.पर आज यहाँ हम इंसान को इंसान नहीं वरन नौजवान को इंसान बनाने की बात करेंगे.जातक कथाएँ और फेबल्स से लेकर दादी- नानी की कहानियों ,पंचतंत्र,सिंहासन बत्तीसी और संस्कार व् दर्शन के माध्यम से भी बेटे -बेटी को श्रेष्ठ बनाने के सूत्र व् मन्त्र जीवनोपयोगी बनाये गए हैं.
          पुत्र/पुत्री के प्रति पिता का कर्तव्य यही है कि वह उसे सभा में प्रथम पंक्ति में बैठने लायक बना दे-तिरुवल्लुवर ने कहा था .अंग्रेजी में भी कहावत है,"LIKE FATHER,LIKE SON".शेक्सपीयर ने भी माता-पिता को यह समझाइश दी ,"IT IS WISE FATHER THAT KNOWS HIS CHILD "यानि बच्चे को  जानना और समझना अगर जरूरी है तो उसे समझाना भी आवश्यक है.हालाँकि जार्ज  हर्बर्ट के मुताबिक ,"सौ स्कूली शिक्षकों की तुलना में एक पिता की भूमिका अधिक मूल्यवान होती है. यानी  संस्कार अपनी जगह अहमियत रखते हैं लेकिन परिवार संस्कारों की पहली पाठशाला है.
                      "अख़बार नवीस ! ऐसा कहा जाता है की माँ बच्चे को पहला संस्कार देती है"-दद्दू बोले."बरसों पहले सिर्फ यही सच था लेकिन आज्ञ के समय में माता और पिता दोनों  की ही भूमिका बराबरी की है.संस्कारवान बनाने में पिता की भी उतनी ही  महत्वपूर्ण एवं गंभीर भूमिका है " मैंने दद्दू की बात को आगे बढ़ाते हुए कहा.
                    "एक बात और भी है जिसे आप दोनों भूल रहे हैं" प्रोफ़ेसर प्यारेलाल ने दार्शनिक अंदाज में घडी की सूइयों को घूरकर हमारी ओर अपनी दृष्टि लौटते हुए कहा,"कोचिंग संस्थानों में भी नौजवान युवक-युवतियों का व्यक्तित्व विकास किया जाता है."बुल्स आई "  के दरवाजे पर रुडयार्ड किपलिंग की कविता "इफ ",फलसफे को शीशे की तरह जीवन में उतारने के लिए प्रेरित करती है.कविता को जीवन दर्शन बनते देखना भी एक अद्भुत अनुभव है.
   हालाँकि अंग्रेजी पढने वालों के लिए यह कविता अच्छी तरह जानी -पहचानी है लेकिन अनेक लोग रुडयार्ड की इस कविता में छिपे ऊर्जा भंडार से अछूते हैं.सारांश यही है की हर एक बच्चे से लेकर युवा अथवा माता -पिता के लिए यह कविता " IF  "यानि "अगर "  की भावनाओं को समझना किसी पूजा या इबादत से कम नहीं होगा. सो, प्रस्तुत है रुडयार्ड किपलिंग की कविता "इफ " का भावानुवाद जो मैंने स्वयं किया है तथा वास्तव में यह एक पिता की बेटे के लिए भी खरी-खरी है-
  
अगर  तुम ...


अगर तुम अपना मस्तिष्क संतुलित रख सकते हो 
जब,सभी आपा खोने लगे हों और 
तुम्हें ठहरा रहे हों इसके लिए दोषी!
अगर तुम कर सकते हो स्वतः पर विश्वास 
जब सभी करते हों तुम पर अविश्वास 
और दे सकते हो इसकी अनुमति भी !
अगर तुम कर सकते हो इसकी प्रतीक्षा 
वह भी विलम्ब की थकान से दूर 
या कर सकते हो झूठ का सामना 
और नहीं शामिल होते हो छद्म -तंत्र में 
या घृणित माने जाकर भी रहते हो
तुम इससे पूर्णतः  अविचलित 
फिर भी नहीं दिखते हो श्रेष्ठि और  
न प्रस्तुत करते हो स्वयं को स्वयं को स्वयंभू 
अगर तुम बन सकते हो स्वप्नद्रष्टा 
नहीं बनने देते हो सपनों को नियंता
 अगर तुम सोच सकते हो निरंतर 
और सिर्फ विचारों को नहीं बनाते लक्ष्य 
अगर तुम सामना करते हो जय-पराजय का 
और रखते हो दोनों-छलावों को समकक्ष 
अगर तुममें साह्स है सुनने का 
जिसे तुमने कहा था वही सत्य 
पर धूर्तों ने बना  दिया उसे असत्य 
बिछाने एक जाल मूर्खों के लिए 
या उन कर्मों पर निगरानी करने 
जो तुमने किए हैं समर्पित ,और 
आबाद किया अपने जर्जर औजारों से 
वंचितों और सीमांत लोगों का जीवन
अगर तुम बना सकते हो एक गट्ठर 
अपनी तमाम विजय और उपलब्धियों का 
और लगा सकते हो ततखन उसे दांव पर 
सब खोकर शुरू कर सकते हो शून्य से यात्रा !
वह भी दीर्घ निःश्वास भर शब्द उच्चारे बिना!
अगर तुम रख सकते हो नियंत्रित हृदय 
मस्तिष्क और अपनी मांस पेशियों को 
चुकने के बाद भी बहाते हो परिहास धारा
और.. सहेजकर रख लेते हो सब कुछ 
जब तुम्हारा अंतस है ख़ाली,नहीं है कुछ 
बाकि रह गई है एक अलौकिक वसीयत 
जो सबसे कहती है "प्रभावशाली रहो"
अगर तुम कर सकते हो भीड़ को संप्रेषित 
और जीवंत रख सकते हो सदाचार ,सदगुण 
या राजाओं के साथ-साथ  रहकर भी 
नहीं भूलते हो आम आदमी की संवेदना 
अगर तुम नहीं होते हो किंचित भी प्रभावित 
अपने शत्रु या मित्रों के विकिरण से 
अगर तुममें  है भाव समानता का 
नहीं है किसी के प्रति पक्षपात 
अगर तुम किसी के लिए न रुकने वाले 
निर्मम पल के मिनट की दूरी 
साथ सेकण्ड की तदित आपाधापी से 
कर लेते हो यदि पूर्ण फतह ....
तब वह सब कुछ तुम्हारा है 
धरती  और भीतर -बाहर समाहित संसार 
और उससे भी कहीं पारदर्शी सत्य -
मेरे बेटे!तुम बन जाओगे एक इंसान !

                                             शब्बा खैर.. शुभ रात्रि ... अपना ख्याल रखिए...
                                                                     किशोर दिवसे .... मोबाईल -09827471743 




  

शुक्रवार, 29 अक्टूबर 2010

ठिठुरती रात की बात

Posted by with 7 comments
जब चली सर्द हवा मैंने तुझे याद किया 

ये सर्द रात ,ये आवारगी,ये नींद का बोझ 
हम अपने शहर में होते तो घर चले जाते


बढ़ते शहर में मौसम को जीने का अंदाज भी चुगली कर जाता है.या फिर यूँ कहिये के बदलते वक्त में मौसम को जीने की स्टाइल भी "अपनी अपनी उम्र" की तर्ज पर करवटें बदलने लगती हैं.सर्दियों का मौसम अपना अहसास दिलाने लगा है यह भी सच है की शहर के बन्दे अब मौसम का मजा लेने लगे हैं.और उसका अंदाज भी खुलकर व्यक्त करते है सब लोग.
       यूँ ही काम ख़त्म कर चाय पीने के बहाने ,दिमाग पर पड़ते हथौड़ों को परे हटाकर उसे कपास बनाने की नीयत से लोग स्टेशन या बस स्टेंड के चौक पर इकठ्ठा हो जाया करते हैं.करियर की चिंता के तनाव को चाय की चुस्कियों में हलक से नीचे उतारती नौजवान पीढ़ी के चेहरे सर्वाधिक होते हैं.बाकी तो सर्विस क्लास और दो पल रूककर अपनी चाहत  बुझाने को रुकते हैं लोग.
प्लेटफार्म पर इन्तेजार में बैठे उस शख्स को ठोड़ी पर हाथ रखे देर रात तक सोचने की मुद्रा में देखने पर ऐसा लगा मानो वह मन में कह रहा हो... हम अपने शहर में होते तो ....! खैर अपनी -अपनी मजबूरी!
                       ठण्ड काले में सूरज भी सरकारी अफसर हो जाता है 
                      सुबह देर से आता है और शाम को जल्दी जाता है 
दिन छोटे हो गए.नीली छतरी सांझ को जल्दी ही मुंह काला कर लेती है.यह अलग बात है की सफ़ेद-पीले बिजली से रोशन"सीन्स के देवदूत"अँधेरे को उसी तरह मुंह चिढाते हैं मानो शैतान बच्चों की कतार लम्बी जीभ निकलकर कह रही हो...ऍ ssssss !  
चौक चौराहों पर ... सड़क किनारे आबाद खोमचों -ठेलों पर पहली दस्तक मकई के भुट्टों ने दी थी.पीछे-पीछे मेराथान्रेस में दौड़ते आ गए बीही ,गजक ,गर्मागर्म मूंगफली के दाने और गुड पापड़ी.
                     घरों और शादी के रिसेप्शन में गाजर का हलवा और लजीज व्यंजनों के साथ मौसम को जीना सीखते शहर के बन्दों को देखकर बदलते मिजाज को भांपने में दिक्कत नहीं होती.
 खाते-पीते " घर के लोगों की खुशकिस्मती है पर " पीते -खाते "लोगों को देखकर ख़ास तौर पर मन उस वक्त कचोटता है जब सरी राह चलते चलते किसी कोने में दिखाई दे जाता है -
                        मुफलिस को ठण्ड में चादर नहीं नसीब 
                        कुत्ते    अमीरों के हैं लपेटे  हुए लिहाफ 
आने वाले दिनों में सर्दियाँ तेज होंगी तब अपनी तबीयत बूझकर मौसम से जूझना और उसका लुत्फ़ उठाना दोनों ही करना होगा.क्या सर्दियों में यह बेहतर नहीं होगा की समाज सेवी संगठन मानसिक आरोग्य केंद्र ,मातृछाया ,वृद्धाश्रम या  अनाथाश्रमों की पड़ताल कर उन्हें यथा  संभव मदद करने की पहल करें?वैसे सच तो यह है की यह मौसम सबसे आरोग्यकारी है. सुबह-सुबह लोगों को तफरीह करते और गार्डन-मैदान में बैड मिन्टन खेलते देखा जा सकता है.
                       सर्दियों में जो अकेले हैं वे सोचेंगे "सर्द रातों में भला किसको जगाने जाते"दिल बहलाने को तो ग़ालिब ये ख्याल अच्छा है के यादों का कफन ओढने वालों को ठण्ड का एहसास नहीं होता लेकिन ग़रीबों और बेसहारों की मदद करना भी हमारे कर्तव्य का अनिवार्य हिस्सा होना चाहिए.अब यह भी क्या सोचने की बात है के दूल्हा  अपनी दुल्हन के मेहंदी से रचे हाथों को देखकर क्या कह रहा होगा, यही ना कि-
                        दिल मेरा धडकता है इन ठण्ड भरी रातों से 
                       तकदीर मेरी लिख दो मेहंदी भरे हाथों से 
बहरहाल ,मुद्दे कि बात यह है कि ख़ुशी या गम में पीने वाले संयम में रहें.अपनी और खास तौर पर बुजुर्गों कि तबीयत का विशेष ध्यान रखें.एक बात मेरे नौजवान दोस्तों के लिए जो अपने -अपने प्यार क़ी मीठी यादों में खोकर यही कहते हैं=
                      इस ठिठुरती ठण्ड में तेरी यादों का गुलाब 
                     इस तरह महका के सारा घर गुलिस्तान हो गया 
                                                                     प्यार सहित... अपना ख्याल रखिएगा---
                                                                           किशोर दिवसे 
                                                        kishore_diwase@yahoo.com

                              

गुरुवार, 28 अक्टूबर 2010

और मजमा फिट हुआ...

Posted by with 1 comment
मक्खन... मिर्च और मठा... दुखवा मैं कासे कहूं?
" बहुत दिनों बाद मजमा फिट किया है उस्ताद !" -जम्हूरे ने पूछा .हाँ जम्हूरे! एक ठो फार्मूला सोचने में भिड़ा था... मिल गया तो अपुन का मजमा फिर तैयार -उस्ताद ने अपनी बच्चनिया दाढ़ी  खुजाते हुए कहा.
"लेकिन उस्ताद ,सामने जो तीन डिब्बे रखे हैं उनमें क्या है?बात कुछ हजम नहीं हुई कहकर जम्हूरे ने उस्ताद से फिर पूछा.बीडू....चल.तू अपुन का खास आदमी है इसलिए पहले बता देता  हूँ.बाकी अक्खा मजमा फिट होने के बाद.
ढक्कन खुला ......पहले डिब्बे में मक्खन
                        दूसरे डिब्बे में मिर्च 
                        तीसरे डिब्बे में मठा 
पहले दुग्दुगी बजा फिर सबको एक साथ बताऊँगा मक्खन ,मिर्च और मठा का रहस्य ... और दुग्सुगी बज उठाई..डुग  डुग ..डुग... डुग.. मेहरबानों... साहबानों ... कदरदानों ....
                                     *******************
भीड़ में ठल्हा टाइम पास करते श्यामलाल ने बाजु में खड़े बीडी सप्चाते बिसाहू से बीडी  का जुगाड़ कर लिया और अपनी चोंच खोली-उस्ताद जल्दी समझाओ पहले डिब्बे का मतलब .उस्ताद ने मक्खन भरा डिब्बा उठाया और ऊंगली पर लगाकर इशारा कर दिया सरकारी दफ्तरों क़ी ओर.साहबानों.. कदरदानों ....श्यामलाल को मक्खन क़ी महिमा नहीं मालूम.अपना काम कराने सरकारी दफ्तर पहुंचा आदमी बाबुओं को क्या लगाता है?बाबू आपने साहब और वह साहब आपने बड़े साहब को क्या लीपता है?संस्थानों,सेक्रेतेरिएत मंत्रालयों में ऊंगली तो क्या कईयों के हाथ और " उस पर "  क्या लगा होता है?मक्खन ही ना! लगाने वाले को मजा बाद में पहले तो मक्खन चुपड़वाकर अगला तो निहाल हो ही जाता है.
                             उस्ताद ! कुछ मिठलबरा कर्मचारी अपने  बॉस को ... स्टुडेंट  अपने टीचर   को टीचर अपने प्रिंसिपल को ... दरी उठाऊ नेता रायपुरी और दिल्ली लेवल के नेताओं को वो क्या कहते हैं " पोलसन " नहीं लगाते? सो ,फार्मूला नंबर वन -मक्खन शरणम गच्छामी ...खाओ मत... लगाओ ज्यादा....
          जम्हूरे और उस्ताद क़ी बात चल ही रही थी क़ी भीड़ चीरकर एक बदहवास पागल गोल घेरे के बीच आ गया.मैले-कुचैले तार-तार कपडे पहने हाथों में मैगजीन ,कुछ सर्टिफिकेट और अखबारी कतरनों का पुलिंदा लेकर वह नौजवान अचानक आकाश क़ी ओर मुहं उठाकर चिल्लाने लगा-------मक्खन हो तो काम बने ,सुन मक्खन क़ी धुन
                                                      कब, किसको कैसे लगे,इसी बात को गुन
उस विक्षिप्त नौजवान क़ी जिंदगी का यह खरा-खरा रंग था .उस्ताद क़ी आँखे बरबस सजल हो गईं.हाशिए पर खड़ा मैं सोचने लगा ,"काश !जिंदगी देने वाले विधाता को इसने " वो " लगाया होता ...पेट से सीखकर आता वो मक्खनिया अदा सफ़ेद अदृश्य मक्खन में छिपे काले चेहरों को समझ लेता ... नौक्र्री छूटने से वह पागल तो नहीं हो गया होता ? 
                         ********************
मेहरबानों.....साहबानों...... कदरदानों .....
मामला सेंटीमेंटल होते देख जम्हूरे ने दूसरा डिब्बा उठा लिया .उस्ताद ! अब समझाओ इन मिर्चों का मतलब !जम्हूरे ने ढक्कन खोलने के बाद उसमें भरी मिर्चों को घूरकर कहा.
"देख जम्हूरे!इन दिनों मिर्च खाने का काम लगाने का काम ज्यादा कर रहे हैं लोग.फार्मूला नंबर २.-मिर्च लगाओ... या तो खुद जान जाओ क़ी कब किसे कितनी लगनी है.या फिर है कमान से पूछकर ... मेरा मतलब है बॉस के कहने पर किसे साथी को भी लगाई जा सकती है.अब उन मिर्चों का किस पर कितना असर हुआ यह तो पिछवाड़े पर हाथ धरे उस भुक्त भोगी के उछल-कूद करने के अंदाज से पाता चल जायेगा जो बरास्ता मुहं अपनी भड़ास निकल रहा हो.
                      शायद इसलिए मिर्च खाने क़ी क्म"लगाने का चर्चा ज्यादा होता है.जम्हूरे ने सी...सी... करते हुए उस्ताद क़ी ओर देखा ... भीड़ में पेलमपाल करते लोग कुछ सतर्क हो गए थे ... बगलें झाँकने लगे ... क्या पता कब कौन किसे किस तरह " मिर्चाइटिस"का शिकार बना दे.उधर नगर निगम के दफ्तर के बाहर पान ठेले पर रखे ट्रांजिस्टर में अचानक गोविंदा क़ी किसी फिल्म का गाना गूंजने लगा था- _तुझको मिर्ची लगी तो मैं क्या करूँ !!!!
                        *******************
मेहरबानों.......साहबानों.....कदरदानों.....उस्ताद ने मिर्ची वाले गाने में लिपटे अपने कान झाडे और फिर मुखातिब हो गया अपने मजमे क़ी ओर -अब तीसरे डिब्बे क़ी बारी थी .जम्हूरे के हाथो क़ी खुजली असहनीय हो गई थी .झट जाकर उसने ढक्कन खोल दिया.भीड़ उचककर झाँकने क़ी कोशिश करने लगी....आखिर क्या है उस डिब्बे में.!!!अपने हाथों में उठाकर उस्ताद ने उस डिब्बे में रखा सफ़ेद तरल पदार्थ पास ही उगी किसी पौधे क़ी जड़ में डाल दिया .खाली डिब्बा उठाकर तमाशबीनों के सामने उस्ताद शैतानी मुस्कान के साथ भाषण नुमा इस्टाइल में कहने लगा -" भाइयों! और बहनों ..मैंने इस पौधे क़ी जड़ में "मठा डाल दिया है अब देखना इस का अंजाम क्या होता है!सजन सिंग ,रंजीत योगी ,विधाता चरण शुक्ल ,बाल कृष्ण   झाड्वानी सभी  इस "मठावाद" के महा पंडित हैं .दोनों ही बाते होती हैं .या तो इनकी जड़ों में कोई मठा डालने क़ी जुगत में होते हैं या फिर....(आप समझ गए होंगे)
                       गर्मियों में मठा पीने का मजा ही निराला है -भीड़ में मुंडी उचकाकर एक बत रसिया ने कहा.बाजू  वाले  चुहलबाज ने पलटकर वार किया -" पर भैये!यह पीने क़ी चीज रह कहाँ गई है  ,चर्चा तो सिर्फ किसी क़ी जड़ में मठा डालने का ही होता है.महापंडित चाणक्य सैकड़ों बरस पहले इतिहास क़ी कहानी दर्ज कर गए हैं वह भी मठा डालने से शुरू होकर ख़त्म होती है.उन्ही क़ी परंपरा को समाज का हर तबका आगे बढा रहा है.मठा पुराण क़ी इन बातों के दरम्यान ही भीड़ में खड़ा शोह्देनुमा छात्र कोन्टे में सहमे से लेक्चरार क़ी ओर देखकर विलेनी अंदाज में अपने आप में मुस्कुराया.मानो  मनही मन उस लेक्चरार से कह रहा हो ,"बेटा! उस समय कैसे ठीक कर दिया था तुझा जब नक़ल करते वक्त पकड़ लिया था मुझे!एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष से कहकर इन्क्रीमेंट रुकवा दिया था .
                      इधर  कलेक्टोरेट के सामने से गुजरते जुलूस में नेता भी दांत निपोरकर जानता के सामने हाथ जोड़ते हुए यही सोच रहा था -जानता के लिए चुनाव में कौन सा नया "मठा -पेकेट"लेकर आंऊ?मेनेजर, बॉस, नेता ,अधिकारी,प्रिंसिपल,संपादक ,उद्योगपति,सबकी टेबल पर रखा पानी से भरा गिलास मुझे न जाने क्यों मठे से भरा नजर आया.
                            ***********************
यकायक किसी पुलिस अफसर क़ी गाड़ी मजमे के सामने आकर रुकी.डंडा लहराते हुए जवान ने उस्ताद का  कालर पकड़ा और चीखा , अबे ! भीड़ लगाकर हल्ला करवा  रहा है!मजमा बंद कर वर्ना!!!!!फार्मूला -१ के तहत मक्खन लगाने उस्ताद उस्ताद कि कोशिश विफल हो गई."दबंग पुलिसिया साहब के रौब के सामने "मिर्च वाला कोई आइटम ट्राई करने का सोच ही नहीं सकता था वह.मजमा खलास... उस्ताद भी पतली गली से खसक लिया .मक्खन... मिर्च...और मठा पुराण की महिमा यहीं पर ख़त्म नहीं  हुई.यह तो सिर्फ प्रथमो ध्याय समाप्तः है .पर जजमान...अगली बार दक्षिणा का मक्खन लेकर आना तभी बताऊँगा मक्खन... मिर्च और मठा पुराण में जिंदगी के कितने रंगों का समंदर छिपा हुआ है!!!!!!!!!!
                                                                      

मंगलवार, 26 अक्टूबर 2010

Posted by with No comments
सर जी , आपने भी  दिल के तहखाने में  यादों के कुछ लम्हे छिपाकर रखे होंगे ....जब ऊपरी होठो पर मूछों की लकीर उभरी होगी ... किसी को देखकर नींद गायब  हुई होगी  और बिस्तर की सलवटो ने आपसे ही चुगली कर दी होगी उनींदा उठने पर. ये अलग बात है कि अब नींद उड़ने के लिए जिम्मेदारिया भी असरदार होती है . फिर भी हम वक्त गुजरने के साथ साथ  नींद लेना सीख जाते है.पर सच बताइए कि क्या आपने उन लम्हों को कभी जिया ही नहीं???जिसका जिक्र मैंने किया है?मजनू, खेतिहर या यु कहिये सभी का यह एक कहा- अनकहा अफसाना है ...

सोमवार, 18 अक्टूबर 2010

तेरे बगैर नींद न आई....

Posted by with 2 comments
तेरे बगैर नींद न आई तमाम रात ....

"यार नींद नहीं आती आजकल " दद्दू उस रोज शिकायत कर रहे थे ,"कभी तनाव ज्यादा रहता है तब  नींद नहीं  आती और कभी तो समझ में ही नहीं आता के नींद क्यों नहीं आती.बस सारी रात करवटें बदलते हुए गुजर जाती है."नींद और ख्वाब पर छिड़ी बहस के दौरान अपनी दलील रखते हुए प्रोफ़ेसर प्यारेलाल ने कहा ,"अच्छी नींद के लिए जितने भी प्रयोजन हैं वे अब किसी को समझाने की आवश्यकता भी नहीं बच गई है."
                            वैसे नींद और ख्वाब का अपना  विज्ञानं,मनोविज्ञान और फलसफा है.कुछ लोगों को नींद में ख्वाब आते हैं,कईयों को नहीं आते और वे घोड़े बेचकर सोते रहते हैं.और, इसी बात पर शहरयार हर शब् (रात)कि बात कुछ इस अंदाज में करते हैं -
                              जागती आँखों से भी देखो दुनिया को
                              ख्वाबों का क्या है,वे हर शब् आते हैं 
शब् हो या सुबह ,प्रोफ़ेसर प्यारेलाल नींद को शोहरत से जोड़ लेते हैं.उनकी राय में अनचीन्हा होना शोहरतमंद होने की बनिस्बत अधिक सुकून भरा होता है.हाई प्रोफाइल लोगों के बिस्तर की सलवटें चुगली करने लगती हैं कि सहज नींद के लिए कई बार उन्हें ड्रग्स या दीगर तरीकों का सहारा लेना पड़ता है.योग और ध्यान में बेहतर नींद का विकल्प तलाश किया गया है.लेकिन एकबारगी शोहरत या सम्पन्नता तनाव बढाती है जो नींद न आने का कारण बन जाता है.इसलिए कहा गया है-
                               शोहरत मिली तो नींद भी अपनी नहीं रही
                               गुमनाम जिंदगी थी तो कितना सुकून था.
सुकून से कागज ओढ़कर पत्थर कि फर्श पर सोते देखा है मेहनतकश इंसानों को.इसके ठीक विपरीत अपने सीने पर लेटने वाले उन अभागों को देखकर वे बिस्तर खुद को न जाने कितना कोसते होंगे जो उन्हें सुलाते-सुलाते खुद ही सो जाते हैं.तन्हाइयों में जीने वाले ,मजदूर,बेसहारा व् आकेलेपन को जीने वालों के अपने अपने दर्द हैं जिनका  हल उन्हें ढूंढना होता है.वैसे तो एक सचाई यह भी है कि-           न मरते हैं न नींद आती ,न तो सूरत बिखरती है 
                                     ये जीते जागते हम पर क़यामत सब गुजरती है 
नींद कई बार खास मौकों पर भी गधे के सर से सींग कि तरह गायब हो जाती है.परीक्षाओं में विद्यार्थियों की,नतीजों की पहली रात और चुनाव से पहले प्रत्याशियों की.लिहाजा नींद का समय प्रबंधन हर किसी को अपने रोजगार या जीवन शैली के अनुरूप ही करना होता है.
                            रात्रि पाली में काम करने वालों की नींद अक्सर अल्सुब्बह की खटर-पटर से टूट जाया करती है .वे दिन में नींद पूरी करते हैं.पर यूँ कहा जाता है के नींद जो रात की है वह प्राकृतिक है.कहीं न कहीं पर खामियाजा भुगतना पड़ता है .दिन की नींद तो सिर्फ आपदा प्रबंधन है.
                              " नींद न आने की एक और वजह है " एकाएक दद्दू ने सोच के पहलू को नया मोड़ दिया ," गुलाबी ठण्ड के मौसम में जब दिल रूमानी होने लगता है कब्र में सोने वाले भी चौंककर नींद से उठ जाते हैं, यह कहकर,"ये क़यामत भी किसी शोख की अंगड़ाई ".अपनी मजबूरियां होती हैं जवान दिलों की .एक-दूजे के लिए नींदों का सिलसिला कोसों दूर हो जाता है.प्रेमी दिलों की धडकनें सिर्फ यही गुनगुनाती हैं-
                             नींदों का सिलसिला मेरी आँखों से है दूर 
                             हर रात रतजगा है तुझे देखने के बाद 
आ री आ जा निंदिया तू ले चल कहीं....लल्ला लल्ला लोरी...जैसी फ़िल्मी लोरियां देखी सुनी हैं पर माँ-दादी की लोरियों का स्थान सी-ड़ी और एम् पी थ्री ने भी ले जिया है.अब ये बीते ज़माने की बातें लगती हैं.काश इन लोरियों को कोई संकलित कर पाता.        Early to bed and early to rise ,Is the way to be healthy ,wealthy and wise.
नर्सरी की किसी अंग्रेजी राइम का अंश अब तक याद है.इसके मुताबिक जल्द सोना और जल्द उठाना स्वस्थ, संपन्न और बुद्धिमान होने के लिए जरूरी है.सोलह आना खरी बात है लेकिन आज की जीवन शैली - टी वी ,लेट नाईट शो ,डिस्क,कालसेंटर की नौकरियां ,रात की दूती आदि के चलते कहाँ मुमकिन है? खैर...समाधान हम समस्याओं की कोख से ही ढूंढ निकलते हैं.
                      शेख सादी ने नींद पर बड़ी अच्छी बात कही है ,"खुदा ने बुरे लोगों को भी नींद इसलिए दी है ताकि अच्छे लोग परेशां न हों " .पता नहीं यह आज के ज़माने में कितना सच है पर फील्डिंग का यह कथन हमें सोचने पर विवश करता है जब वे यह कहते हैं,'मध्यरात्रि के एक घंटा पहले की नींद मध्यरात्रि के दो घंटा बाद की नींद से अधिक श्रेयस्कर है."
                         "छः से आठ घंटे की नींद अच्छी तबीयत के लिए जरूरी मनी जाती है" प्रोफ़ेसर प्यारेलाल एक बार फिर अपनी पर उतर आते हैं ,"राजा और रंक सभी को नींद एक जैसा बना सेती है.जिसने नींद को सबसे पहचाना था... उसे महसूस किया था उसे ढेर सारी दुआएं .नींद सारे इंसान को पूरी तरह ढक लेती है.सिर्फ एक ही बुरे है इसमें वह यही की इसकी शक्ल मौत से मिलती-जुलती है."
                            आखरी  अल्फाजों .के साथ जब प्रोफ़ेसर मेरी ओर मुखातिब होकर कहते हैं," यार अखबार नवीस !चुप क्यों हो... कुछ तो कहो!" मैं जवाब में उन महबूब आँखों के लिए इतना ही कह पाता हूँ -
                              मालूम थी मुझे तेरी मजबूरियां मगर
                               तेरे बगैर नींद न आई तमाम रात 
                  अपना ख्याल रखिए..शब्बा खैर.. शुभ रात्रि ...
                                                                                    किशोर दिवसे 
                          
                        

दशहरे की रात..

Posted by with No comments
पापा रावण तो जल गया ...

पापा....रावण देखने चलो न...आ गए रावण मारकर... सीमोल्लंघन हो गया! रुको जरा आरती कर लेने दो. बरसों से परंपरा निभाते आ रहे हैं हम सब लोग.मानसिकता के केंद्र में रावण लेकिन राम चिंतन कौन करे?हाई प्रोफाइल बना दिया है रावण को लेकिन राम हाशिए पर! कर्म कान्दियों  की साजिश ने महापंडित रावण के चरित्र की अधमता को नमक-मिर्चें लगाकर बुरे का कालजयी प्रतीक बना दिया लेकिन राम की मर्यादाओं को किसी भी पीढ़ी में प्रतिस्थापित करने की कोई तैयारी नहीं की.
                        विजयादशमी पर सड़कों से गुजरता रहा रेला उन सभी मैदानों की ओर जहाँ रावण के पुतले बने थे.रेलवे, एस ई सी एल, मुहल्लों के मैदानों और अपार्टमेन्ट के सामने जगह बनाकर रावण बनाये गए. कहीं बड़ो ने तो कहीं  बच्चो ने बहुत मेहनत की.बेचारा पुलिस मैदान वाला रावण खुद राजनीती का शिकार हो गया था. काफी देर तो पहले उसे मैदान से बाहर लावारिस हालत में रहना पड़ा. फिर विवाद सलटने पर एंट्री हुई. खैर राजनीति का शिकार कलजुग में होना रावण की नियति  बन गई है इसलिए तो वह भी बदला लेने के लिए हर इंसान के मन में सेंध लगाकर बैठ गया है.
रावण दहन से पहले ऐसे ही एक पुतले पर जब निगाहें पड़ी तब देखा रावण अपनी मूंछो पर ताव देकर गरजा,"बच्चू! सैकड़ों बरस बीत गए आज  भी बात रावण दहन की होती है .मेरे चरित्र की इक्का-दुक्का बुराइयों को इतना फोकस किया की नई पीढ़ी के बच्चों को यह भी नहीं मालूम होने दिया की मेरे चरित्र में अच्छाइयां  भी हो सकती हैं.और राम के आदर्श भी तो आज तक तुम्हारा समाज अपने भीतर नहीं समेट सका है!
                            रावण का एक पुतला मरियल और सुकड़ा सा था." यार, मुझे बताओ कि   मुझमें और तुममें क्या फर्क बच गया है?मेरे पूर्वज के कुछ दुर्गुण आम आदमी ने ले लिए लेकिन अपने भीतर के रावण (अहंकार )को नहीं  मार  सके. मैंने तो सपने में भी नहीं सोचा था की धरती पर इस हद तक रावण राज छा जाएगा."मेघनाद का पुतला भी अट्टहास कर उठा ,"बेवकूफ!पुतला जलाने  की परंपरा भर निभा देने से क्या बुराइयां मिट  जाएंगी?अहंकार और अधमता के ध्रुव प्रतीक की एक दिन याद करोगे फिर बैठ जाओगे आँखें मूंदकर.!"
                      माइक पर  उदघोषणा के बीच आगमन होता है नेताजी का."दस बार" सोचने के बाद भी रावण का पुतला यह समझ नहीं पाया की आखिर कब तक "बड़ा रावण"इस पुतले को फूंकने का मूक गवाह बना रहेगा.वैसे रावण राज के सही .वारिसों को फलते-फूलते देखकर मेघनाद का प्रसन्न होना स्वाभाविक ही था.
                          कुछ देर तक दहन पूर्व की रस्में चलती हैं फिर धांय...धांय ...फटाक.....धमाके और लपटों में रावण का पुतला एक बार फिर पहले मुड़े -तुड़े  ढांचे फिर राख  के ढेर में बदल जाता है.एकाएक गूंजता है रावण की चिता से अट्टहास ."अपराध ,भ्रष्टाचार ,पाखंड,घोटाले ... यह सब मेरी शाश्वत सत्ता की गवाह हैं.ध्यान से देखो!गन्दगी से लथपथ कमल और कीचड़ से सने पंजों की कतारें ."
                               "लेकिन यह भी तो सच है की राम के नाम पर वोटों की राजनीति करने वालों की सत्ता का राम नाम सत्य करना जनमत सीख गया है." विभीषण का स्वर साफ़ सुने  दिया ."घर का भेदी  लंका ढाए! विभीषण जी... आप तो घर -घर  में बदनाम हैं.बात फिर परिवार की हो या राजनीति की.विभीषण ने अपना तर्क रखा ,"मैंने तो सत्य का साथ दिया  था,घर का भेदी कहना मेरी चरित्र हत्या का षड्यंत्र है."
                              रावण ने राम को हाइजेक कर लिया है... यह सत्य पौराणिक नहीं वरन आपके-हमारे मन के भीतर का है.राम की मर्यादाएं पूजा घर की लक्ष्मण रेखाओं में सिमट कर राह  गई हैं.पूजा घरों में या मंदिरों से जिस रोज ये मर्यादाएं बच्चों को संस्कारों में व्यावहारिक तौर पर मिलेंगी तब होगा नैतिक उत्थान
                               काफी धोखाधड़ी हुई है,पर ईमारत खड़ी हुई है
                               राम तुम्हारी मर्यादा ,बस पूजाघर में पड़ी हुई है 
राम कसम खाकर  राक्षसी कृत्य करने वालों के मुखौटे जब चेहरों से नुचेंगे तब होगी अंतर्मन में राम की प्राण प्रतिष्ठा.रावण प्रतीक   पुतले की शव-भस्म से फिर गूंजती है गर्जना -"त्रेता का रावण मरा नहीं है वह कलजुग के असंख्य मानव मन में छिपा बैठा है.अच्छाइयां  भी है पर सहमी-सहमी सी...मन का रावण लंका के रावण से भी अधिक चतुर सुजान है.वह डंके की चोट पर कहता है कि कलजुगी  मानव में इतनी कालिमा भरी है की मुझे खोज निकलने की शक्ति किसी में नहीं."
                    भारी  भीड़ है रावण दहन स्थल पर.खोमचे ,ठेले,खाने-पीने की चीजें,फैशन,चकल्लस ताकाझांकी,छेड़छाड़, मनोरंजन और मस्ती का बालीवुड मसाला दिख रहा है. जो धुंधली  सी  है वह -श्रद्धा और सत्य की खोज!सारा जीवन ही रामलीला का मंच बन गया है.उडती हुई नजर भीड़ में मौजूद चेहरों पर डालता हूँ-राम,लक्ष्मण,हनुमान ,दशरथ,रावण ,सीता,कौशल्या, कैकेयी,शूर्पनखा और विभीषण... और भी अनेक चरित्र पूर्ण अथवा खंडित रूप में मुखौटे बनकर चेहरों पर चिपके हुए हैं.पर बाहर .... आम आदमी!
                     अरे! यह क्या...यहाँ तो महाभारत के भीष्म,  पांडव ,अर्जुन शकुनी और दीगर किरदार भी हैं.सभी समाज में अपने-अपने रोल अदा कर रहे है.सच कहें तो दुर्योधन,द्रोपदी,गांधारी शिखंडी और चरित्र  तो अनेक मिल जाएँगे लेकिन राम और कृष्ण के किरदार के करीब  कौन पहुँचता है?पता तो लगाइए समाज में कौन कैसा किरदार निभा रहा है?
                           मैदान  से रावण दहन का विजय पर्व मनाकर भीड़ लौटने  लगी है ."जय राम जी की !अब समय आ गया है की धर्मशास्त्रों को धार्मिक साहित्य की तरह पढ़ा जाए.आज के समय में जो बातें समाज  सुधारक  बन सकती हैं उसे कायम रखकर बाकी कूड़ेदान  के हवाले कर देनी चाहिए."सोन पत्ती देते हुए दद्दू अपनी राय देने से नहीं चूकते.खैर!दशहरा मना  लिया... हाथ खोलो !सोनपत्ति के साथ आपको भी  शुभ् कामनाएं ... और हाँ.इसी हथेली पर हम जगमगाता  दीप रखकर साथ-साथ चलेंगे.लेकिन अभी सोचिएगा ज्जरूर क्योंकि  महापंडित रावण ने दशानन होकर भी एक बार भी नहीं सोचा पर हमें अपने इकलौते सर से ही दस बार सोचकर काम करना है.एक आवाज सुनकर अपने-आप में लौटता हूँ-पापा... अब तो चलो ना!....रावण तो कब का जल गया है....
                                                  शुभकामनायें.....किशोर दिवसे.

                             
                                      
                            
.
                            

शुक्रवार, 15 अक्टूबर 2010

गुंचा और गुल..

Posted by with No comments
जो बाग़ बहार में उजड़े उसे कौन खिलाए...
  
क्या मुसीबत है सच लिखना भी!लोग बर्दाश्त नहीं कर सकते और उनके "वहाँ" पर मिर्ची लग जाती है.मीठा -मीठा गप गप और कडवा -कडवा  आक थू!!!सच चाहे इंसान के अपने निजी हों या समाज के ,कमजोरियों पर आँख मिलकर बात करने का साहस जुटाना हर किसी के बूते की बात नहीं होती."  खैर... छोडो भी अखबार नवीस किस-किस को रोइएगा ...! दद्दू ने समझाइश देते हुए कहा " हर किसी को प्रशंसा सुनना अच्छा लगता है पर जो बिना अपने मन में  गांठ बांधे आलोचनाओं पर गौर करे वह अपनी कमजोरियों पर पार पा लेता है.
                " ठीक कहते हो दद्दू ! कबीर ने इसलिए कहा था " निंदक नियरे राखिए "...लेकिन चाटुकारिता का मीठा जहर आलोचनाओं की कुनैन पर भारी क्यों पड़ने लगता है!
" यही तो जिंदगी के सच्चे रंग हैं जिन्हें हम देखकर भी अनदेखा कर मुंह घुमाने लगते हैं!पर एक बात सच है कि हर जगह दोनों सच्चाइयाँ आप साथ-साथ महसूस करेंगे.गोया कि फूलों के सच क़ी रक्षा आलोचनाओं के कांटे ही करते हैं.भले ही चापलूस भँवरे कितना ही उन्हें ठगने क़ी कोशिश क्यूँ न करें.
                     फूल और कांटे क़ी बात के चलते ख्याल ही न रहा कि कब हम लोग कंपनी गार्डन के दरवाजे से
 होते हुए ढेर सारे फूलों की  झाड़ियों के सामने पहुँच चुके थे.वैसे भी खूबसूरत फूलों के चेहरे देखते हुए हरी दूब
 पर बैठकर गपियाने का सुकून और ही है.जेहन में गुंचा(कली),गुल(फूल),गुलशन(बगीचा )और बागबान अपने आप ही तैरने लग जाते हैं.
                         फूलों से भरी  झाड़ियों से कुछ दूर ठूंठ नुमा पेड़ को देखकर दद्दू बोले" दोस्त!कितनी बेबस होती है वो जिंदगी जिनके मुकद्दर नें खार का मौसम लिखा होता है.शायद इन्हीं के लिए कौसर ने खूब फ़रमाया है-
                लिखा हुआ था मुकद्दर में खार का मौसम 
                 बहार में भी न देखा बहार का मौसम 
 बहार का मौसम आता है तब कलियाँ और फूल खिलने लगते हैं.महकते गुलशन में जब कलियाँ मुस्कुराती हैं तब हंस के फूल कहते हैं ,"अपना करो  ख्याल,हमारी तो कट गई .  "उधर कोने में कुछ नौजवान जोड़े सभी निगाहों से बेखबर हैं उन्हें हाथों में हाथ लिए देखकर गुंचा और गुल तो क्या पत्ते और बूटे भी लहराकर ... झूमकर कहने लगे-
                                   पत्ता पत्ता,बूटा बूटा ,हाल हमारा जाने है 
                                  जाने न जाने गुल ही न जाने  बाग़ तो सारा जाने है 
सारी दुनिया ही एक गुलशन है .घर-बाहर तमाम बगीचों के अपने -अपने बागबान होते हैं.जितने अक्लमंद ,संवेदनशील बागबान होंगे गुलशन में कलियों और फूलों को उतना ही मुस्कुराता हुआ आप देखेंगे.यही जिंदगी का सच है.तपाक से दद्दू की निगाह ऍ शौक ने महकते हुए कहा  ,"मैं अपनी आँखों में हमेशा बागबान की नजर रखता हूँ.शायद इसलिए जिस ओर निगाह उठती है वह इलाका ही गुलशन हो जाता है."
                        " फूल और कली में क्या फर्क है?" दद्दू ने जब शैतानी के अंदाज में पूछा तब कुछ पल " निःशब्द" रहकर किसी कली का चेहरा देखकर  कहना पड़ा " सो सिम्पल! इक बात है कही हुई ,इक अनकही !"
                यूँ की फूलों को देखकर दद्दू रोमांटिक हो जाते हैं.अपने दिल की बात कानों में फुसफुसाकर कहने लगते हैं                    तुम ही बताओ महके हुए जिस्म के करीब 
                                   फूलों की समत कौन नजर उठाएगा ?
फिर भी जब दद्दू ने होके से किसी फूल को सहलाया तो एक कांटे ने तुरंत उनकी अंगुली से खून की एक बूँद रिसा दी.मैंने कहा " यह तो यही बात हुई की किसने फूलों की डाल करीब  लाकर रख दी और मैंने फूलों के शौक में काँटों पर जुबान रख दी."
                         खैर सपनी किस्मत लेकर आते हैं फूल!गुलदस्ते से लेकर देवघर में... अर्थी से लेकर किसी मरहूम की फोटो पर या किसी के जूडे में... किसी की कलाई में... रोज दे या वेलेंटाइन डे पर एक हाथ से दूसरे हाथ या फिर कापी-किताब के पन्नों के बीच सूखे से पर किसी की यादों को तरोताजा करता हुए!
       किस्सागोई के बीच घर से लेकर दुनिया के गुलशन में बागबान की बेहतरी के लिए भगवान से मंगल कामना करना कैसे भूल सकते हैं ? बगीचे से लौटते वक्त एक चौक पर नजर पड़ती है जहाँ चंदा करने वाले युवकों की टोली   किसी मोटर साइकल सवार से झंझट कर रही है. उन्होंने सारी सड़क को ही घेरकर रखा है.यातायात अव्यवस्थित हो गया है. प्रशासन ने आँख मूँद रखी है. .देवी माँ सोच रही है ,"चलो!उत्सव मनाना तो भूल गए भक्तों को पूजा करने की तो याद है!रात की आरती का समय हो चला है.अचानक पंडाल के भीतर तेजी  से गूंजने लगता है यह गीत -" मुन्नी बदनाम हुई... डार्लिंग तेरे लिए..."
   आज रात बस इतना ही... शुभ रात्रि,, शब्बा खैर.. अपना ख्याल रखिएगा..
                                                                                                       
                                                           किशोर दिवसे